ISBT के हर हिस्से में दिव्यांगजन की व्हीलचेयर व ट्राइस्किल पहुँच सके- कलेक्टर
निर्माणाधीन आईएसबीटी, मल्टी लेवल पार्किंग, एचटीपी, डब्ल्यूटीपी व सीएमडी प्लांट सहित निर्माणाधीन अन्य कार्यों का भी किया निरीक्षण
ग्वालियर अंतर्राज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) को बाधा रहित अर्थात वरिष्ठजन एवं दिव्यांग फ्रेंडली बनाएँ। प्रयास ऐसे हों कि आईएसबीटी के हर हिस्से में दिव्यांगजन की व्हीलचेयर व ट्राइस्किल पहुँच सके। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने दिए। वे शनिवार को नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह के साथ निर्माणाधीन आईएसबीटी का निरीक्षण करने पहुँची थीं। उन्होंने शहर के अन्य निर्माण कार्यों का भी भ्रमण के दौरान जायजा लिया। श्रीमती चौहान ने निर्माण कार्यों में संलग्न कामगारों से 7 मई को मतदान करने की अपील भी इस अवसर पर खासतौर पर की। निरीक्षण के समय स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू माथुर भी मौजूद थीं।
जलालपुर स्थित नवीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीएमडी वेस्ट प्लांट, मानपुर आवासीय परिसर के आवास, महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग, नवीन कचरा ट्रांसफर प्लांट पर शहर से एकत्रित होकर आने वाले कचरे को किस प्रकार कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर अलग-अलग किया जाता है। सहित शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्य भी देखे।
महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग के काम में तेजी लाने के निर्देश एलएण्डटी कंपनी के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग से महाराज बाड़ा क्षेत्र के बाजारों में यातायात सुगम होगा। मानपुर आवासीय योजना के फ्लैट देखे और आवंटन की प्रक्रिया समझी।
