ASI की टीम भोजशाला को सर्वे करने पहुंची, दीवार से सटी 6 इंच मिट्टी हटाकर कर रही जांच, कार्बन कोडिंग हो रही

धार. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इन्दौर बैंच के आदेश पर ज्ञानवापी की तरह धार स्थित भोजशाला का एएसआई सर्वे (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) का आज शनिवार को दूसरा दिन है। दिल्ली और भोपाल के अधिकारियों की टीम सर्वे कर रही है। एएसआई के वकील हिमांशु जोशी, हिन्दू पक्ष की तरफ से आशीष गोयल और गोपाल शर्मा सर्वे टीम के साथ भोजशाला पहुंचे। कमाल मौलाना वेलफेयर सोसाइटी के समद खान भी भोजशाला पहुंचे है। परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। भोजशाला में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है। इस क्षेत्र की निगरानी 60 कैमरों की मदद से की जा रही है।
भोजशाला में 3 जगहों पर कार्बन कोडिंग कर रहे
भोजशाला में दूसरे दिन सर्वे जारी है। टीम भवन के भीतर फिजिकल रूप से जांच कर रही है। भोजशाला के पिछले हिस्से में सुबह मजदूरों से सबसे पहले फावडे की मदद से सफाई करवाई गयी। टीम ने भोजशाला के पिछले हिस्से में चिन्हित 3 स्थानों को कवर किया है। दीवार से सटी मिट्टी को लगभग 6 इंच तक हटाकर जांच कर रहे हैं।
चिन्हित 3 स्थानों में से एक में अभी जांच में जुटी है। स्तम्भों पर बने चित्रों पर कार्बन कोडिंग कर रहे हैं। परिसर के अन्दर स्तम्भों की गिनती और शिलालेख, जिस पर सनातनी लिपि में देव नाम दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। उनका भी टीम बारीकी से निरीक्षण कर रही है। टीम दोपहर में लंच के लिये बाहर नहीं गयी। अन्दर ही उन्होंने खाना मंगवाया है। हालांकि हिन्दू पक्ष के दोनेों सदस्य बाहर आये।
