6 वर्षीय बच्चे का स्ट्रीट डॉग्स जबड़ा नोंचा और दांत भी खा गये
भोपाल. एक बार फिर स्ट्रीट डॉग्स ने एक मासूम पर हमला कर दिया है। कुत्तों ने 6 वर्षीय बालक के चेहरे पर हमला किया है और उसके जबड़े को नोंच लिया है और साथ ही 3 दांत भी खा गये। इस हमले में बुरी तरह से घायल को कमला नेहरू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार की रात की है। इसका खुलासा बुधवार की रात मे ंतब हुआ, जब परिजन नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष और पार्षद शबिस्ता जकी से मदद मांगने पहुंचे।
बच्चे का परिवार मजदूरी करता है
नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष जकी ने बताया-पीडि़त बच्चा वार्ड नम्बर 24 स्थित सांइस सेंटर के पास बाणगंगा क्षेत्र में रहते है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। कुत्तों के हमले से बच्चे के मुंह और शरीर पर गहरे जख्म हो गये हैं खासकर जबड़ा बुरी तरह से जख्मी हुआ है। नेता प्रतिपक्ष जकी ने पीडित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
ये मामले भी आए थे सामने
आवारा कुत्ते बच्चों को लगातार शिकार बना रहे हैं। पुराने मामलों पर नजर डाले तो अगस्त 2022 में बांसखेड़ी इलाके में एक सात साल की बच्ची को कुत्ते ने नोंच दिया था। उसकी आंख और मुंह बुरी तरह से जख्मी हो गया था। इसके तीन दिन पहले उसकी बड़ी बहन को भी कुत्ते ने काटा था। बच्ची करीब 15 दिन तक हॉस्पिटल में भर्ती रही।
ई-6 वर्धमान ग्रीन पार्क के पास अशोका गार्डन में भी घटना हो चुकी है। यहां घर के बाहर खेल रही 6 साल की मासूम को कुत्तों ने नोंच दिया था।
बाग सेवनिया इलाके में भी चार साल की नन्हीं बच्ची पर 5 आवारा कुत्तों ने अटैक कर दिया था। बच्ची के सिर, कान और हाथ में गहरे घाव हुए थे। चेहरे के साथ ही पेट, कमर और कंधे पर भी चोट लगी थी।
10 जनवरी 2024 को मिनाल रेसीडेंसी इलाके में 7 महीने के बच्चे को नोंच कर मार डाला था।
15 जनवरी 2024 को चौकी इमामवाड़ा कॉलोनी में 4 लोगों को कुत्तों ने काट लिया। इनमें एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल हैं।
16 जनवरी 2024 को मिसरोद इलाके में 2 बच्चों समेत 41 लोगों को कुत्तों ने काट लिया।
17 जनवरी 2024 को 3 बच्चों समेत 45 लोगों को कुत्तों ने काट लिया।
