बोर्ड पैटर्न पर आठवीं के गणित विषय में विद्यार्थियों को मिलेंगे पांच बोनस अंक
भोपाल. राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा बोर्ड पैटर्न पर आयोजित आठवीं गणित के पेपर में अब विद्यार्थियों को पांच बोनस अंक मिलेंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने शनिवार को मूल्यांकन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें कहा गया है कि गणित के प्रश्नपत्र में एक सवाल को हल करने में ग्राफ पेपर का उपयोग किया जाना था, लेकिन ग्राफ पेपर नहीं दिया गया। इस कारण विद्यार्थी उस प्रश्न को हल नहीं कर सके। ऐसे में उन्हें इस सवाल के पूर्ण अंक प्रदान किए जाएं। यह प्रश्र पांच अंक का था।
राज्य शिक्षा केंद्र ने निर्देशों में यह भी कहा है कि उत्तर पुस्तिका का मुद्रण एससीईआरटी के ब्लूप्रिंट के अनुसार हुआ था। एनसीईआरटी का ब्लूप्रिंट और प्रश्नों की संख्या एससीईआरटी से भिन्न है। ऐसे में एनसीईआरटी/भाषा/अन्य विषय के प्रश्नपत्रों में यदि विद्यार्थी द्वारा किसी प्रश्न को हल करते समय स्थानाभाव के कारण प्रश्न का उत्तर निर्धारित स्थान के अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका में किसी अन्य पृष्ठ/ रफकार्य/ अतिरिक्त उत्तरपुस्तिका में लिखा गया हो तो उस प्रश्न का उत्तर जांचा जाए और सही उत्तर लिखने पर अंक भी दिए जाएं।
संभाग स्तर पर होगा मूल्यांकन
प्रदेश के 5वीं व 8वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन संभाग स्तर पर बने मूल्यांकन केंद्रों पर किया जाएगा। रविवार से मूल्यांकन कार्य शुरू किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के एक लाख शिक्षकों को लगाया जाएगा, ताकि मई के दूसरे सप्ताह तक परिणाम जारी किया जा सके। इसके लिए सभी जिला मुख्यालयों पर मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। साथ ही अंकों को आनलाइन तुरंत अपडेट करना होगा, जिससे मूल्यांकन में पारदर्शिता बनी रहेगी।
