ग्वालियर में पुलिस सुरक्षा लेने वाले कारोबारी को चुकाने होंगे 2.5 करोड़ रुपये
ग्वालियर. जान का खतरा बताकर पुलिस सुरक्षा लेने वाले शहर के भाजपा नेता और रियल एस्टेट कारोबारी संजय शर्मा और दिलीप शर्मा को अब 2 करोड 55 लाख रुपये चुकाने होंगे। यह रकम उन्हें 2018 तक पुलिस के 4 गार्ड अपनी सुरक्षा में रखने के एवज में देने होंगे।
हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के जस्टिस आनंद पाठक ने इस मामले में लगी याचिका पर सुनवाई करते हुए तल्ख टिप्पणी की और कहा कि चंबल के बीहडों से घिरे ग्वालियर संभाग जो पहले डाकुओं और हथियारों के लिए जाना जाता था अब यहां गाडी पर लाल बत्ती, कंधे पर बंदूक और साथ में पुलिस को स्टेटस सिंबल बना लिया है। जस्टिस पाठक ने संजय शर्मा और दिलीप शर्मा से पुलिस गार्ड की सुरक्षा तत्काल वापस लेने के आदेश जारी करते हुए डीजीपी और होम सेक्रेटरी को निर्देशित किया है कि इनसे फीस की राशि लगभग 2 करोड 55 लाख रुपये भी वसूले जाएं इसके साथ ही हाई कोर्ट ने सख् आदेश दिए है कि जब भी किसी को पुलिस सुरक्षा दी जानी हो तो पहले इस बात की पूरी जांच कर लें कि वास्तव में उसे सुरक्षा की जरूरत है भी या नहीं। जिस हिसाब से सुरक्षा की जरूरत हो उस हिसाब से एसपी से लेकर आईजी और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाद ही सुरक्षा प्रदान की जाए।
