MP के कर्मचारियों को तीन किस्तों में मिलेगा एरियर

भोपाल. मोहन सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय कर लिया है। एक जुलाई 2023 से महंगाई भत्ता 42 से बढ़ाकर 46 प्रतिशत किया गया है। इसका लाभ सात लाख कर्मचारियों को अप्रैल में मिलने वाले मार्च के वेतन में जुड़कर मिलेगा। एरियर की राशि का भुगतान जुलाई, अगस्त और सितंबर 2024 में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने महंगाई भत्ते की दर में वृद्धि पर कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में इसमें और वृद्धि करेंगे। इसका लाभ मार्च के वेतन से ही मिलने लगेगा।केंद्र सरकार जुलाई 2023 से अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को 46 और जनवरी 2024 से 50 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता व राहत दे रही है। प्रदेश में अभी तक 42 प्रतिशत की दर से ही महंगाई भत्ता और राहत दी जा रही थी। इसमें वृद्धि को लेकर कर्मचारी और पेंशनरों के संगठन लंबे समय से मांग कर रहे थे लेकिन निर्णय नहीं हो पा रहा था।
विधानसभा चुनाव के समय तत्कालीन शिवराज सरकार ने चार प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजा था लेकिन अनुमति नही मिली थी। तभी से मामला लंबित था। गुरुवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय की संभावना जताई जा रही थी पर प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों में निराशा थी। यदि चुनाव की घोषणा के पहले निर्णय नहीं होता तो मामला जून तक लंबित हो जाता। इसलिए मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने वित्त विभाग को निर्देश दिए कि चार प्रतिशत मंहगाई भत्ता बढ़ाने के आदेश तत्काल जारी किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *