MP सरकार भी देगी 50 फीसदी महंगाई भत्ता
भोपाल. केंद्र सरकार के बाद अब राज्य सरकारों ने भी अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50 फीसदी देना शुरू कर दिया है। मध्यप्रदेश के 12 लाख सरकारी कर्मचारी भी 8 फीसदी महंगाई भत्ते की मांग को लेकर शुक्रवार को एमपी के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन करने वाले हैं। सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के 52 संगठनों से मिलकर बने मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आव्हान पर पूरे प्रदेश में यह आंदोलन किया जाएगा। भोपाल में राज्य मंत्रालय के कर्मचारी और अधिकारी भी इस प्रदर्शन में उतरेंगे। इधर, राज्य की मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक गुरुवार को हुई, जिसमें महंगाई भत्ता और महंगाई राहत पर फैसला नहीं हो सका।
मध्यप्रदेश के 12 लाख सरकारी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संगठन मिलकर शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने वाले हैं। सभी की मांग है कि केंद्र सरकार के समान 8 फीसदी महंगाई भत्ता दिया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अपने कर्मचारियों को 8 फीसदी महंगाई भत्ता दे दिया, उसी प्रकार राज्य की मोहन सरकार भी 8 फीसदी महंगाई भत्ता देना चाहिए। यदि इससे कम महंगाई भत्ता दिया जाता है तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारी केंद्र सरकार के कर्मचारियों से 8 फीसदी महंगाई भत्ते में पीछे हैं। 42 फीसदी महंगाई भत्ते पर काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें केंद्र के समान 50 फीसदी महंगाई भत्ता दिया जाए।
