ग्वालियर में अब 24 घंटे ऑन रहेंगे पुलिस के फोन, गोली-चाकू चले तो ‘टीआई’ होगा जिम्मेदार
ग्वालियर. नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने मंगलवार को ज्वाइनिंग करते ही शहर और देहात के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कहा जिसले में सीधी-सादी पुलिसिंग नहीं चाहिए। अपराधियों में डर पुलिस की सख्ती से होता है। इसलिए लक्ष्य निर्धारित कर काम करे। पुलिस का काम अपराधों पर लगाम कसना है और वहीं दिखना चाहिए। पुलिस बदमाशों की सतत निगरानी करती है तो फिर अपराधी गोली, चाकू कैसे चलाने की हिम्मत कैसे करते है। अब किसी भी थाना क्षेत्र में गोली चली तो थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे।
नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने मंगलवार शाम को जिले की कमान संभाली। एसएसपी राजेश चंदेल ने उन्हें कार्यभार सौंपा। नवागत एसपी यादव ने कहा जिला उनके लिए नया नहीं है। करीब 20 साल बाद यहां वापस लौटे हैं। समय के साथ चुनौतियां जरूर बढ़ी हैं। उन्हें खत्म करने का प्रयास रहेगा। आने वाला समय लोकसभा चुनाव का है लेकिन विधानसभा चुनाव की तैयारियों का फायदा मिलेगा। एसपी यादव ने कहा जिले में बाहरी और लोकल अपराधियों का गठजोड़ चुनौती रहा है। क्राइम कंट्रोल के लिए अपराधियों के इस जाल को तोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा पब्लिक और पुलिस के बीच तालमेल जरूरी है। पुलिस को जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। यही कोशिश रहेगी थाने में शिकायत लेकर आने वाले को कोई परेशानी नहीं हो उस पर दबाव नहीं होना चाहिए। पुलिस उसकी बात को गंभीरता से सुने और उसका समाधान करे। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
थाना प्रभारियों के मोबाइल बंद नहीं होंगे, एएसपी करेंगे गश्त
एसपी यादव ने कहा एएसपी भी गश्त करेंगे, इससे रात गश्त की निगरानी में कसावट आएगी। इसके अलावा थाना प्रभारियों का फोन राउंड द क्लॉक ऑन रहना चाहिए। रात को भी अगर किसी का कॉल आता है तो थाना प्रभारी उसे रिसीव करेंगे। उसकी समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। थानों के एंट्री और एक्जिट प्वाइंट पर जिक जैक लगाकर चैकिंग होगी।
