अनूप मिश्रा ने संगठन की बढ़ाई मुश्किलें
ग्वालियर. संगठन स्तर पर हसिये पर चल रहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे व पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा चुनाव के दौरान सुर्खियों में रहते हैं। विधानसभा हो या लोकसभा चुनाव संगठन में उपेक्षित मिश्रा के कांग्रेस में जाने की चर्चा गरम रहती है। लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरु होने के साथ ही पूर्व मंत्री के भाजपा को अलविदा कहकर कांग्रेस में जाने की चर्चाएं शुरु हो गईं हैं। इन चर्चाओं पर पूर्ण रूपेण विराम लगाने की बजाए उन्होंने यह कहकर और हवा दे दी कि अगर कांग्रेस उन्हें लोकसभा चुनाव का टिकट देने का प्रस्ताव देती है, तो उस पर विचार करने में हर्ज ही क्या है। इसके साथ ही वे यह भी कहते हैं कि उनको चुनाव की राजनीति का दूर रखने का कारण भाजपा का परिवारवाद का मुद्दा हो सकता है। उनकी गिनती अटल बिहारी वाजपेयी के परिवारिक सदस्य के रूप में होती है। अनूप मिश्रा के एक बार फिर लोकसभा चुनाव लड़ने व कांग्रेस से प्रस्ताव आने पर उस पर विचार करने की बात कहकर संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी है। भाजपा संगठन की डैमेज कंट्रोल टीम सक्रिय हो गई है और अनूप मिश्रा के नजदीकी भाजपा नेताओं को उनका मानस जानने के लिए उनके पीछे लगाया गया है। भाजपा नेता फिलहाल अनूप मिश्रा से संपर्क किए जाने की बात से इंकार कर रहे हैं।
एक बार फिर कांग्रेस में जाने की चर्चा
अनूप मिश्रा के एक बार कांग्रेस में जाने की चर्चा चल रही है। अनूप मिश्रा मुरैना-श्योपुर से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और जीत कर संसद में भी पहुंचे थे। फिलहाल संगठन ने उन्हें टिकट की दौड़ से बाहर का रास्ता दिखा दिया। यह तो तय है कि उनकी इच्छा लोकसभा चुनाव लड़ने की है। भाजपा से चुनाव लड़ने की सभी संभावनाओं पूर्ण विराम लग चुका है। भाजपा ने अंचल की चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। अगर अनूप मिश्रा चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो उनके सामने एक ही विकल्प है भाजपा छोड़कर कांग्रेस या अन्य किसी दल का दामन थामे । अभी कांग्रेस ने लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
