लोहिया बाजार में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी
ग्वालियर. जिला अदालत में चल रहे लोहिया बाजार की शासकीय जमीन के विवाद में दस साल बाद फैसला आया है, जिसमें फैसला शासन के पक्ष में हुआ है। यहां लोहिया बाजार में रहने वाले श्यामबाबू गोयल ने कोर्ट में दावा किया कि शासन ने सड़क चौडीकरण के नाम पर उनके घर का आगे का हिस्सा अवैध रूप से तोड़ दिया है, जबकि उसका मालिकाना हक आवेदक के पास है।
सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता घनश्याम मंगल ने तथ्यों के आधार पर कोर्ट में साबित किया कि जमीन का वह हिस्सा शासन का है और संबंधित वादी ने उस पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था। इन तथ्यों को लश्कर सिटी के तहसीलदार रमाशंकर सिंह ने भी सत्यापित किया। सभी तथ्यों का आंकलन करने के बाद कोर्ट ने पाया कि वादी न तो उक्त जमीन के हिस्से पर अपना मालिकाना हक साबित कर पाया और न किसी प्रकार का कब्जा । कोर्ट ने सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए अपना फैसला सुनाया और शासन के पक्ष में फैसला दिया। दरअसल, जिस दौरान ग्वालियर के कलेक्टर आकाश त्रिपाठी हुआ करते थे उस समय लोहिया बाजार के सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ था।
