गुलमर्ग की अफरवाट चोटी पर आये एवलांच एक विदेशी पर्यटक की मौत, 5 को बचाया और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

गुलमर्ग. कश्मीर के टूरिस्ट स्पॉट गुलमर्ग में एवलांच की चपेट में आने से एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गयी है। जबकि एक स्थानीय व्यक्ति और कुछ विदेशी लापता है। कुछ फंसे हुए है जिनका हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा है। अभी तक 5 लोगों को बचाया जा सका है। इन्हें उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती किया गया है। अफरवाट चोटी से लगे खिलान मार्ग पर गुरूवार 22 फरवरी की दोपहर 2 बजे यह बर्फीला तूफान आया है।

स्कीइंग स्लोप के लिये स्थानीय लोगों के बिना गया था ग्रुप
सेना के जवान और जम्मू कश्मीर प्रशासन की एक पेट्रोलिंग टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है। यह एवलांच ढलान पर हुआ है। जिसमें कई स्कीयर फंस गये। रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे अधिकारियों ने बताया है कि विदेशी पर्यटक, स्थानीय निवासियों के बिना स्की ढलानों पर गये थे। इसलिये जब तूफान आया तो वह संभल नहीं पाये।
हिमस्खलन यानी 1 अरब किलो बर्फ; दबने के 1 घंटे बाद 3 में से 1 ही जिंदा बचता है

हिमालय के कुछ हिस्सों में इन दिनों बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते छोटे और बड़े कई एवलांच (हिमस्खलन) भी हो रहे हैं। एक बड़े और पूरी तरह से विकसित हिमस्खलन का वजन 10 लाख टन या 1 अरब किलो तक हो सकता है। पहाड़ों से नीचे गिरने के दौरान इसकी स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटे से 320 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा हो सकती है।
