आयोग की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने गाँव व शहर में स्वरोजगार स्थापित करें – मनोज कुमार

ग्वालियर -प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करते हुए ग्वालियर जिले के 210 हुनरमंद हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिये 522 मशीनें व उपकरण प्रदान किए हैं। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार के मुख्य आतिथ्य एवं सांसद विवेक शेजवलकर की अध्यक्षता में यहाँ राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में मशीनें व टूल किट्स वितरित किए गए । इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष ने आह्वान किया कि केवीआईसी की योजनाओं का लाभ उठाकर युवा अपने गाँव व शहर में स्वरोजगार स्थापित करें।
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय से संबद्ध खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) की योजनाओं के तहत यह सहायता उपलब्ध कराई गई। जिसमें तेल घानी उद्योग, मसाला उद्योग, दौना-पत्तल व बाउल उद्योग, अगरबत्ती निर्माण व फुटवियर बनाने की मशीनें शामिल हैं। साथ ही इलेक्ट्रीशियन व प्लम्बर किट एवं मधुमक्खी पालन के बॉक्स भी वितरित किए गए। आयोग के अध्यक्ष एवं सांसद कृषि विश्वविद्यालय परिसर में हितग्राहियों के बीच पहुँचकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उनसे उपकरण चलवाकर भी देखे। आत्मनिर्भर बनने के लिए मशीनें व टूल्स किट पाकर हितग्राहियों की खुशी देखते ही बनी। जिन हितग्राहियों को मशीनें व उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं उन्हें केवीआईसी के तहत संबंधित स्वरोजगारमूलक इकाई का प्रशिक्षण भी दिलाया जा रहा है जिससे वे सफलतापूर्वक अपना स्वरोजगार चला सकें। केवीआईसी हितग्राहियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में भी सहयोग करेगा।
आयोग के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि पिछले 10 साल की अवधि में केवीआईसी की बिक्री 32 हजार करोड़ से बढ़कर एक लाख 35 हजार करोड़ तक पहुँच गई है। उन्होंने कहा रेलवे के बाद केवीआईसी द्वारा सबसे अधिक रोजगार सृजन किया जा रहा है। आयोग ने पिछले साल के दौरान साढ़े 9 लाख लोगों को रोजगार देने का काम प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत केवीआईसी द्वारा 50 लाख रूपए का लोन 35 प्रतिशत अनुदान पर दिया जाता है। इस कार्यक्रम के तहत आयोग ने 25 हजार करोड़ रूपए का अनुदान वितरित किया है। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने “खादी फॉर फैशन और नेशन” का जो नारा दिया था उसे खादी ग्रामोद्योग आयोग पूरा कर रहा है।
आरंभ में अतिथियों ने महात्मा गाँधी जी की प्रतिमा पर पुष्पाहार अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग आयोग उप प्रमुख कार्यकारी अधिकारी यशपाल सिंह व राज्य निदेशक विनीत वर्मा एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक विनीत गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *