80 लाख के इनामी नक्सली बलदेव उर्फ अशोक रेड्डी जबलपुर से गिरफ्तार
भोपाल, छत्तीसगढ़ में लंबे समय से सक्रिय 80 लाख के इनामी नक्सली बलदेव उर्फ अशोक रेड्डी को कांकेर पुलिस रिमांड पर मध्यप्रदेश से लेकर आई है। नक्सलियों के केंद्रीय जोनल कमेटी के मेंबर और RKB डिवीजन के प्रभारी बलदेव उर्फ अशोक रेड्डी को मध्यप्रदेश पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार किया था।
नक्सलियों की योजना को किया विफल
फरार नक्सली अशोक रेड्डी उर्फ बलदेव निवासी गोलकुंडा तेलंगाना एवं उसकी पत्नी रैमती उर्फ कुमारी पोटाई निवासी जिला नारायणपुर, छत्तीसगढ़ को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक पिस्टल, तीन लाख रुपए से अधिक नकदी एवं प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) का साहित्य बरामद करने में सफलता प्राप्त की गई। इस संबंध में थाना एटीएस/एसटीएफ भोपाल में भादंवि की धारा 419 व 20 यूए (पी) एक्ट, 1967 और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस प्रकार मध्यप्रदेश “एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड” (एटीएस) ने नक्सलियों द्वारा प्रदेश के अर्बन क्षेत्र में ठिकाने बनाने की योजना का पर्दाफाश किया गया। अनुसंधान के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर नक्सली सहयोगी धनसिंह पुंगाटी एवं छेरकूराम तुलावी को भी गिरफ्तार कर प्रकरण में धारा 201, 467, 468, 471 भादंवि एवं धारा 19 यूए (पी) एक्ट, 1967 का इजाफा किया गया।
82 लाख का इनामी है आरोपी
आरोपियों में अशोक रेड्डी प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य (DK SZCM) है और उसकी पत्नी रैमती उर्फ कुमारी पोटाई, एरिया कमेटी मेंबर (ACM) उत्तर बस्तर क्षेत्र में पार्टी के लिए प्रेस का कार्य जैसे कि माओवादी साहित्य, पर्चे, प्रेस विज्ञप्ति, बैनर, पोस्टर आदि छपवाने का काम संभालती थी। आरोपी अशोक रेड्डी के विरुद्ध तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, बलवा, पुलिस पर हमला, अपहरण और आगजनी सहित विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट एवं यूए (पी) एक्ट से संबंधित 60 से अधिक गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। सीपीआई (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य होने के कारण तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश में कुल मिलाकर 82 लाख रुपए का इनाम घोषित है। आरोपी अशोक रेड्डी का मुख्य कार्य क्षेत्र तेलंगाना एवं छत्तीसगढ़ राज्य रहा है, किंतु इसकी मध्यप्रदेश के अर्बन क्षेत्र में नक्सल कैडर एवं नेटवर्क को मजबूत करने की योजना थी।
