एप बताएगा शहर में ईवी चार्जिंग प्वाइंट कहां हैं, लाइव पोर्टल से रखी जाएगी इलेक्ट्रिक वाहनों पर नजर
भोपाल. राज्य सरकार इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी बना रही है। इसके लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग, आईटी विभाग की मदद से मोबाइल एप बनवा रहा है। एप् की मदद से शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग प्वाइंट का पता लगाया जा सकेगा और मोबाइल में एप इंस्टॉल करने के बाद संबंधित शहर का विकल्प चयन कर शहर में चार्जिंग प्वाइंट की लोकेशन पता की जा सकेगी। इसके अलावा ईवी वाहन के लिए लाइव पोर्टल भी बनाया जाएगा। इसमें पता चल सकेगा कि कितने ईलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत है। वहीं पीपीपी मोड पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। चार्जिंग स्टेशन के साथ बेटरी स्वैपिंग के लिए केपिटल सब्सिडी दी जाएगी।
मंत्री की अध्यक्षता में बनाई जाएगी समिति
ईवी पालिसी के क्रियान्वयन के लिए एक समिति भी बनाई जाएगी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में एक समिति गठित होगी। पालिसी में इसका भी प्रविधान किया जा रहा है। समिति में सदस्य सचिव नगरीय प्रशासन आयुक्त भरत यादव रहेंगे और परिवहन आयुक्त सदस्य रहेंगे।
ईवी वाहन क्रय करने पर 15 से 20 प्रतिशत अनुदान देने की तैयारी
नई पालिसी में अलग-अलग वर्ग के इलेक्ट्रिक वाहन क्रय करने पर अनुदान देने का भी प्रविधान किया जा रहा है। ईवी वाहन के क्रय किए जाने पर 15 से 20 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा सकेगा। साथ ही सरकारी वाहनों क्रय करने में पहली प्राथमिकता इलेक्ट्रिक वाहनों को दी जाएगी।
