ABV– IIITM माँ सरस्वती का प्रभाव हम सबके जीवन पर सबसे ज़्यादा है-वंदना सिंह
ग्वालियर- अटल बिहारी वाजपेयी – भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान ग्वालियर के एमडीपी सेंटर में 14 फ़रवरी को लेडीज़ क्लब ट्रिपल आईटीएम ने बसंत पंचमी के पावन अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया । इस अवसर पर लेडीज़ क्लब की अध्यक्ष श्रीमति वंदना सिंह सेक्रेटरी माधुरी पटनायक एवं सदस्यगण श्रीमती तुलिका श्रीवास्तव, रीना श्रीवास्तव, ज्योति अग्रवाल, रूबी सिंह, दीपा सिंह सिसोदिया, डॉ अनुराज, रिचा, आरती, जेंकिन सूजी, आदि उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर विशेष साज सज्जा की गयी थी। पुष्प सज्जा एवं रंगोली अत्यंत ही मनमोहक थी। समारोह स्थल को विशेष रूप से क्लब के सदस्यों द्वारा सुसज्जित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, सभी में वसंत पंचमी का उत्साह देखने को मिला।
सर्वप्रथम सरस्वती माँ की वंदना एवं द्वीप प्रज्ज्वलित किया गया। सरस्वती माता को अर्पित विशेष पूजा का आयोजन किया गया। सभी सदस्यों ने इस अवसर पर शुभ रंग पीले रंग का परिधान पहना । प्रेसिडेंट श्रीमती वंदना सिंह ने सभी को वसंत पंचमी की शुभकामनाएँ देते हुए बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने उद्बोधन में बताया कि वसंत पंचमी महान सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक महत्व रखती है, क्योंकि यह प्रकृति के नवीनीकरण और नई शुरुआत का प्रतीक है । माँ सरस्वती का प्रभाव हम सबके जीवन पर सबसे ज़्यादा है। हम जिस संस्थान में खड़े है वो भी उन्ही का स्थान है । उन्होने बताया कि माँ सरस्वती की वंदना कर हमें सभी देवियों का आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है। वसंत पंचमी के ठीक 40 दिन बाद होली का आगमन होता है। जिसमें भी माँ सरस्वती का वास होता है वह अपनी विध्वता के बल पर समाज में पूजनीय होता है। वसंत पंचमी पर पीला रंग के उपयोग के महत्व को बताते हुए उन्होने कहा कि हिन्दू धर्म में पीले रंग को शुभ माना गया है। पीला रंग शुद्ध और सात्विक प्रवृत्ति , ऊर्जा और उल्लास का प्रतीक माना जाता है। यह सादगी और निर्मलता को भी दर्शाता है। हम पीले परिधान पहनते हैं तो सूर्य की किरणें प्रत्यक्ष रूप स दिमाग पर असर डालती हैं। छह भुजाओं वाली शक्ति का प्रतीक ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के एक हाथ में पुस्तक, दूसरे में पुष्प, तीसरे और चौथे हाथ में कमंडल और बाकी के दो हाथों में वीणा और माला भी हमें बौद्धिक शक्ति, एकाग्रता और ज्ञान की प्राप्ति का अनुभव कराती हैं।
क्लब के सदस्यों के द्वारा वसंत पंचमी के पर्व पर अपने अपने विचार प्रस्तुत किए गए। श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने सरस्वती माँ की वंदना करते हुए एक बहुत ही सुंदर कविता “मेरी जिहवा पर आकर बस जावाँ वीणापाणी” प्रस्तुत की । श्रीमती आरती के द्वारा “हे शारदे माँ – हे शारदे माँ , अज्ञानता से हमें तार दे माँ” पर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। श्रीमती माधुरी पटनायक ने सुंदर गायन प्रस्तुत किया गया जिसने सबका मन ऊर्जा एवं उल्लास से भर दिया। सभी सदस्यों ने इस कार्यक्रम में विशेष उत्साह एवं श्रद्धाभाव से भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से सभी ने एक नयी ऊर्जा का संचार अनुभव किया। अंत में श्रीमति रीना श्रीवास्तव के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
