बसन्त पंचमी उत्सव पर चक्रधर हुए बसन्ती
ग्वालियर. श्री सनातन धर्म मन्दिर में आज 14 फ़रवरी बुधवार को बसन्त पंचमी उत्सव श्रद्धाभाव से मनाया गया। प्रधानमंत्री महेश नीखरा एवं धर्म मंत्री ओमप्रकाश गोयल ने बताया बसन्त पंचमी पर्व पर भगवान श्री चक्रधर एवं श्री गिरिराजधरन को बसन्ती पगड़ी,बसन्ती वस्त्र, बसन्ती शॉल, बसन्ती उपर्णा, बसन्ती पुष्प धारण कराए गए।
मुख्य पुजारी पंडित रमाकांत शास्त्री के आचार्यतव में प्रातः 9 बजे श्री चक्रधर सभागार में अध्यक्ष कैलाश मित्तल, प्रधानमंत्री महेश नीखरा, ने ज्ञान प्रदायिनी मां सरस्वती का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वेदोक्त पूजन किया। श्री राधा रसोई में तैयार खीर, पूड़ी, मटर पनीर, कश्मीरी आलू, बसंती पुलाव, सलाद, पापड़ सहित विशेष व्यंजनों का भोग भगवान को अर्पित किया गया। सांयकाल सत्र में संध्या आरती उपरांत केशर मेवायुक्त मीठे बसन्ती चावल का भोग भगवान श्री चक्रधर को अर्पित कर प्रसाद भक्तगणों में वितरित किया गया। भक्तों ने श्री चक्रधर के समक्ष बसंत उत्सव के भजन प्रस्तुत किए।।इस अवसर पर विमल माहेश्वरी, रमेशचंद गोयल, हरीशंकर सिंघल, केदारनाथ, राकेश बंसल, कैलाशनारायण गर्ग, अजय गुप्ता, राजेश गर्ग, प्रदीप सिंघल सहित सभी भक्त श्रद्धालु उपस्थित थे।
