नए एयर टर्मिनल का उदघाटन एवं विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री

ग्वालियर – राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल के नए एयर टर्मिनल का कार्य पूर्ण हो गया है। आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नए टर्मिनल का लोकार्पण प्रस्तावित है। टर्मिनल के लोकार्पण के साथ-साथ ग्वालियर-चंबल संभाग में हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जायेगा। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों सहित अन्य विभागीय अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
संभागीय आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल के नए एयर टर्मिनल का लोकार्पण टर्मिनल के समीप स्थित ग्राउण्ड में समारोहपूर्वक किया जायेगा। कार्यक्रम में ग्वालियर सहित ग्वालियर-चंबल संभाग के अन्य जिलों के विभिन्न योजनाओं के हितग्राही भी शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थित पार्किंग, बैरीकेटिंग के लिये अभी से पुलिस एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पूरी प्लानिंग तैयार करें। समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिये पुख्ता कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए।
चंबल संभाग के आईजी सुशांत सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थायें अभी से प्रारंभ की जाएं। इसके साथ ही समारोह में शामिल होने आने वाले हितग्राहियों को जिन बसों में लाया जाए उसकी फिटनेस भी आरटीओ अपने स्तर से जाँच लें, ताकि किसी भी प्रकार की कोई पेरशानी हितग्राहियों को न हो। डीआईजी सुश्री कृष्णावेणी देशावतु ने कहा कि ग्वालियर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का कार्यक्रम पूर्व में भी हो चुका है। ग्वालियर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मिलकर इस बार भी अच्छे से सभी व्यवस्थाएँ करें। एसपीजी के दिशा-निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित किया जायेगा।
