8 घंटे बाद दंगल मचाएगा पश्चिमी विक्षोभ, जानिए कैसा रहेगा अगले 5 दिन मौसम
ग्वालियर. सर्दी ने पलटवार किया है। मध्यम कोहरा छाने से धूप देर से निकली। उसके बाद सर्द हवा की दस्तक से अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस (डिसे) की गिरावट आने से सर्दी का अहसास हुआ। तापमान सामान्य से 1.6 डिसे कम रहने की वजह से सर्दी की चुभन रही। इसके अलावा जेट स्ट्रीम विंड का भी चलना फिर से शुरू हो गया है। इससे मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके असर से बादल व कोहरा छाने की संभावना है। बीते दो दिन से शहर में तेज धूप निकल रही थी।
इस कारण सर्दी से बड़ी राहत मिल गई थी। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन रविवार-सोमवार की रात शहर में मध्यम कोहरा छा गया। इससे श्यता 800 मीटर रही। सुबह 9 बजे के बाद धूप निकली। हल्के बादल भी छाए। सर्द हवा के चलने से मौसम बदल गया। सर्दी का अहसास हुआ। वहीं दूसरी ओर न्यूनतम तापमान 11.5 डिसे दर्ज हुआ और सामान्य से 2.8 डिसे अधिक रहा। रात में कड़ाके की सर्दी नहीं रही।
पहाड़ों से उतरेगी सर्दी
बर्फबारी भी हो चुकी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू कश्मीर में बर्फबारी हो चुकी है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी को आ रहा है। यह पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत है। इस कारण भी बर्फबारी होगी। इनके गुजर जाने के बाद पहाड़ों से सर्दी मैदानी इलाकों में उतरेगी। फरवरी के पहले सप्ताह में सर्दी पलटवार कर सकती है। कश्मीर में कम बर्फबारी की वजह से इस बार शीतलहर नहीं चली है। दिन ज्यादा सर्द रहे हैं।
140 किमी प्रतिघंटा की गति से चली हवा
क्षोभ मंडल में जेट स्ट्रीम विंड का चलना शुरू हो गया है। उत्तर भारत में इस हवा की गति 120 से 140 किमी प्रतिघंटा है। इस कारण विचलन पैदा हो रहा है। दिन में सर्दी बढ़ी है। हालांकि सीवियर कोल्ड डे व कोल्ड डे की स्थिति नहीं बनेगी। क्योंकि दोपहर में धूप निकलने पर तापमान सामान्य हो जाएगा।
