भारत पर्व -बाल भवन में गूँजे देशभक्ति के तराने और लोकधारा भी बही
ग्वालियर – भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की सांध्य बेला में बाल भवन में आजादी के तराने गूँजे तो लोक रंग से सम्पूर्ण परिसर सराबोर हो गया। यहाँ बात हो रही है “भारत पर्व” की। गणतंत्र दिवस की सांध्य बेला में “भारत पर्व” के तहत बाल भवन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। भारत पर्व में भोपाल से धनंजय नागर के निर्देशन में साथी कलाकारों द्वारा देशभक्तिपूर्ण एवं आजादी के तराने और गुना से आए संजीव शर्मा के निर्देशन में आए 10 लोक कलाकारों ने “भील-भगौरिया” नृत्य की प्रस्तुति दी। साथ ही स्थानीय संयोगिता नृत्य अकादमी, नारायणा ई-टेक स्कूल व देहली पब्लिक अकादमी स्कूल के बच्चों ने भी मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी आरके जैन, अपर कलेक्टर टीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन व आरए प्रजापति, एसडीएम विनोद सिंह, डिप्टी कलेक्टर मुनीष सिंह सिकरवार, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार, उपायुक्त नगर निगम शिशिर श्रीवास्तव व नोडल अधिकारी स्कूल शिक्षा आईए जैदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। भारत पर्व का आयोजन राज्य शासन के संस्कृति विभाग के स्वराज संचालनालय के तत्वावधान में जिला प्रशासन, जनसंपर्क विभाग एवं नगर निगम के सहयोग से किया गया।
गुना से आए लोक कलाकारों ने जब “भील भगौरिया” नृत्य प्रस्तुत किया तो सम्पूर्ण प्रांगण लोक रंगों से सराबोर हो गया। कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं से धार-झाबुआ क्षेत्र के प्रसिद्ध भगौरिया नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आजादी के दौरान व देश पर आए संकट के समय जन मानस में देशभक्ति का जज्बा भरने का माध्यम बने नगमे पेश किए। कलाकारों ने जब “मेरा रंग दे बसंती चोला” का गायन किया
दादरा ताल में रूद्राष्टकम प्रस्तुति में नृत्यांगनाओं ने शिवजी के स्वरूप को प्रस्तुत किया। इसके बाद देहली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनोहारी कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया। इसी कड़ी में ई-टेक नारायणा स्कूल के बच्चों द्वारा नृत्यमय राम स्तुति प्रस्तुत की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र प्रदान किए। सम्मानित होने वाले शासकीय सेवकों में जनसंपर्क विभाग के श्री रमेश कुशवाह व श्री भूपेन्द्र भारद्वाज शामिल हैं।
