फ्लाइट में बम की खबर से आईजीआई एयरपोर्ट इमरजेंसी घोषित, फर्जी निकला कॉल
नई दिल्ली. आईजीआई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कंट्रोल रूम में एक फोन कॉल के बाद हड़कम्प मच गया है। दरअसल, दरभंगा से दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी और इसके बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गयी। स्पाइस जेट के प्रवक्ता ने बताया कि आज आईजीआई एयरपोर्ट के कंट्रोल रूम फोन कॉल आया था। फोन करने वाले ने दरभंगा से दिल्ली आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। यह फ्लाइट आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरने वाली थी। हालांकि जांच के दौरान यह कॉल फर्जी पायी गयी।
उन्होंने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 8946 में बम की धमकी मिली थी। फ्लाइट को शाम 6 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया और इसके बाद प्लेन को एक अलग स्थान पर ले जाकर खड़ा कर दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां विमान की गहन तलाशी ले रही है। इससे पहले पिछले साल नवम्बर के माह में मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी एक ईमेल के जरिये आई थी। मेल भेजने वाले ने धमाका टालने के लिये 48 घंटे के अंदर 10 लाख डॉलर देने की मांग रखी थी। वह भी बिटकॉइन में, ईमेल में आगे कहा था कि अगर बिटकॉइन में राशि नहीं दी गयी तो बुरा हाल होगा।
