MP में बर्फीली हवाओं के कारण बिगड़ा मौसम, अगले 24 घंटे में बारिश भी लाएगी आफत

भोपाल. पूरा प्रदेश बर्फीली हवाओं से घिर गया है। धुंध छाए रहने से विजिबिलिटी भी कम है, साथ ही शनिवार सुबह से ही कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। इससे ठंड और बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले सप्ताह बारिश और ओलावृष्टि के भी आसार हैं। इससे पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। धुंध और कोहरा भी बढ़ सकता है।
भोपाल में शनिवार को सुबह से बारिश शुरू हो गई। कोहरा छाने से विजिबिलिटी भी कम हो गई है। लोग कड़ाके की ठंड में अलाव तापते नजर आ रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने आज से कुछ दिनों तक अलर्ट रहने को कहा है। अगले सप्ताह कई जिलों में बारिश और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इससे पहले भोपाल में उत्तरी सर्द हवाओं के कारण लोगों को फिर तेज सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन चार दिनों से सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। शहर में 30 दिनों बाद शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंचा है। इसके पहले 20 दिसंबर को तापमान 8.8 डिग्री पर पहुंचा था, तब से लगातार तापमान 10 और 15 डिग्री के बीच बने हुए थे।
जनवरी की शुरुआत में दिन में तापमान कम थे, लेकिन न्यूनतम तापमान बढ़े हुए थे जिसके कारण रात में सर्दी का अहसास नहीं हो रहा था, लेकिन पिछले दो तीन दिनों से उत्तरी सर्द हवाओं के कारण रात में तेज सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह धुंध रही और विजिबिलिटी 2 हजार मीटर के आसपास रही। दिन में धूप भी खिली लेकिन सर्द हवाओं के कारण लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *