जलक्रीड़ा अकादमी में लगी भीषण आग, 05 ड्रैगन नौकाएं जलकर खाक
भोपाल. पुराने शहर के जहांगीराबाद स्थित जलक्रीड़ा अकादमी में शनिवार दोपहर 12 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 30 फीट तक ऊंची लपटें उठ रही थीं। धुआं दो किमी दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते आग से यहां रखी पांच ड्रैगन बोट जलकर पूरी तरह से खाक हो गईं, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यहां कचरे के ढेर में आग लग रही थी, जिससे पास रखी बोट ने भी आग पकड़ ली और जल उठी। इस पर लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में बोगदा पुल और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकले पहुंच गईं। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद फायरकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
दोपहर में भड़की आग
जानकारी के अनुसार नीलम पार्क में म्यूजिक फाउंटेन के पास जलक्रीडा अकादमी की बड़ी संख्या में ड्रैगन बोट रखी हुई हैं। शनिवार को दोपहर 12 बजे यहां पर भीषण आग लग गई। लोगों ने आग देखते ही कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर दमकलें पहुंची और कर्मचारियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया था। एक घंटे की मशक्कत के बाद फायरकर्मियों ने आग को बुझा दिया था, लेकिन पांच बोट पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। एक बोट की कीमत लगभग चार से पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
