लोकसभा चुनाव के लिए MP में शाह और गडकरी जैसे दिग्गज संभालेंगे मोर्चा
भोपाल. अप्रैल-मई 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव की तैयारियों और सहित अन्द बिंदुओं पर चर्चा के लिए भाजपा की लोकसभा चुनाव योजना बैठक सीहोर के एक रिसॉर्ट में हुई। बैठक में तय किया गया कि प्रदेश की 29 संसदीय सीटों को सात अलग-अलग क्लस्टर में बांटा जाएगा। क्लस्टर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी जैसे नेता समय समय पर यहां आकर मोर्चा संभालेंगे। मालवांचल के एक क्लस्टर में पांच सीटें रखी गई है बाकी में चार-चार। हर लोकसभा क्षेत्र के लिए एक मंत्री और एक संगठन का प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तैयार प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया।
विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा
विधानसभा चुनाव 2023 के चुनाव परिणामों की समीक्षा की गई और जिन 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा को पराजय मिली, उन सीटों के हर बूथ पर वोट शेयर 51 प्रतिशत पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया।ऐसी सीट हैं, जहां भाजपा को विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से कम वोट मिले हैं। इनमें छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सभी सातों विधानसभा सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। इसी तरह मुरैना की पांच, भिंड की चार, ग्वालियर की चार, टीकमगढ़ की तीन, मंडला की पांच, बालाघाट की चार, रतलाम की चार, धार की पांच और खरगोन लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।
हर लोकसभा क्षेत्र से 10 हजार लोगों को अयोध्या ले जाने का लक्ष्य
बैठक में 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और उससे आगे आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। हर लोकसभा क्षेत्र से 10 हजार लोगों को अयोध्या ले जाने की योजना बनाई गई है। सरकार बनने के बाद भाजपा और संघ पदाधिकारियों की यह पहली बैठक है।
बैठक में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डा. सत्यनारायण जटिया मंचासीन रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितांनद, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, फग्गन सिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल एवं जगदीश देवड़ा, प्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री, पूर्व मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, मोर्चो के अध्यक्ष एवं अपेक्षित श्रेणी के नेतागण उपस्थित थे।
