हम और आप सहयोग से यातायात व्यवस्था को बेहतर बना सकता है : पुलिस अधीक्षक
ग्वालियर – पुलिस अधीक्षक- ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहर की समस्याओं से हम सभी परिचित हैं। शहर की समस्याएं तीन प्रकार की हैं, व्यक्तिगत, हितबद्घ और कॉमन समस्या। कठिनाई तब होती है, जब हम इन तीनों को मिक्स कर देते हैं। आपने उदाहरण दिया कि इंदौर में जब मैं रहा तो वह उतना स्वच्छ शहर नहीं था लेकिन आज निरंतर स्वच्छता में नंबर वन आ रहा है। वह धीरे-धीरे इस ओर बढा है और आज वहां का लगभग हर नागरिक शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था का ख्याल रखता है। यदि हम और आप मिलकर सहयोग करेंगे तो शहर की यातायात व्यवस्था हल हो जाएगी और हमारा ग्वालियर शहर भी यातायात में सुव्यवस्थित हो सकेगा।
मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री में शाम 4 बजे से शहर की यातायात एवं कानून व्यवस्था पर पुलिस अधीक्षक- राजेश सिंह चंदेल की सानिध्य में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक के साथ ही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात)-डॉ. ऋषिकेश मीणा, डीएसपी ट्रैफिक- अजीतसिंह चौहान, सीएसपी लश्कर केएम सियाज, ट्रैफिक टीआई-गोला का मंदिर- धनंजय शर्मा, ट्रैफिक टीआई-झांसी रोड-श प्रमोद साहू, ट्रैफिक टीआई-कम्पू- अभिषेक रघुवंशी से उपस्थित रहे।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज पुलिस अधीक्षक अपनी पूरी टीम के साथ हमारे आग्रह पर चेम्बर ऑफ कॉमर्स में पधारे हैं। ग्वालियर पुलिस बेहतर कार्य कर रही है, इससे अपराध कम घटित हो रहे हैं और अपराध घटित होने पर उनको ट्रेस करने का प्रतिशत भी 90 प्रतिशत से ऊपर है।
मानसेवी सचिव ने व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से प्राप्त लिखित सुझावों को बैठक में रखते हुए कहा कि यदि पुलिस रॉंग साइड से आने वाले वाहन रोके, सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को न होने दे और मार्गों के लेफ्ट टर्न को फ्री रखे तो शहर की यातायात समस्या का लगभग निदान हो जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक-डॉ. ऋषिकेश मीणा द्बारा व्यापारियों द्बारा रखे गये प्रत्येक बिन्दु को नोट करते हुए उसका उचित हल बैठक में प्रस्तुत किया। साथ ही नगर निगम, स्मार्ट सिटी एवं कलेक्टर के अधिकार क्षेत्र के तहत होने वाले कार्यों को उनके माध्यम से शीघ्र कराए जाने की बात कही।
हमने शहर के 26 पॉइंट्स का निरीक्षण कलेक्टर के साथ करके समस्याओं को नोट किया है और उस पर निरंतर कार्य कर रहे हैं। हम तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ई-चालान कर रहे हैं। 650 कैमरे हमने मांगें जो कि अब तक पुलिस बल को नहीं मिल पाए हैं। आपने कहा कि यदि आप इसमें पुलिस की मदद करेंगे तो हम और बेहतर व्यवस्था बना पाएंगे। आपने कहा कि बाजारों में द्बितीय एवं चतुर्थ शनिवार को बैठक वहां की एसोसिएशन के साथ करके यातायात व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। आपने कहा कि जो शहर के व्यस्त बाजार हैं, उनके यदि आप लोडिंग अनलोडिंग का समय पीक टाइम में न रखें तो यातायात व्यवस्था को सुधारने में मदद मिल सकती है। आपने कहा कि आप ग्राहक को भगवान मानते हैं तो अपने भगवान के लिए अपने व्यवसाय स्थल के सामने वाहन पार्क करने की जगह रखें वहां स्वयं के वाहन पार्क न करें। आपने कहा कि सायबर अपराधों की जानकारी देने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया जाएगा। साथ ही, अपराधों से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें इसका प्रचार प्रसार किया जाएगा। व्यवसायियों को चेम्बर भवन में जागरूकता सेमीनार आयोजित किया जाएगा।
