सैलानियों की सुरक्षा मेले में भगवान भरोसे, अभी झूलों की सेफ्टी ऑडिट तक नहीं
ग्वालियर. व्यापार मेला का सीएम डॉ. मोहन यादव से उद्घाटन कराने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व पूरा हो चुका है। यहां आने वाले सैलानियों की सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे नजर आ रही है। मेला का आकर्षण झूलों पर रोजाना हजारों लोग झूल रहे हैं। लेकिन इनकी सुरक्षा की जांच हुई है या नहीं? इसे लेकर अभी असमंजस है। क्योंकि कुछ ऊंचे झूलों को रोमांच के हिसाब से इस तरह डिजाइन किया गया है कि उसमें पालकी को बंद करने का प्रावधान नहीं है। इसमें यदि परिवार के छोटे बच्चों के साथ बैठा तो खतरनाक हो सकते हैं।
हालांकि कलेक्टर अक्षयसिंह ने 21 दिसम्बर को आदेश जारी कर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को सैलानियों की सुरक्षा से जुडी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कागजी तौर पर दायित्व सौंप दिया गया था। लेकिन उनसे जब इस संबंध में चर्चा की गयी तो मेला प्राधिकरण सहित अधिकांश जिम्मेदारों का कहना था कि उन्हें ऐसे किसी आदेश की जानकारी तक नहीं है। यही वजह है कि मेले की पार्किंग में अवैध वसूली की शिकायतें लगातार आ रही है। लेकिन इस पर कार्यवाही करने वाला कोई जिम्मेदार नहीं हैं। ग्वालियर व्यापार मेला का उद्घाटन भले ही दो दिन पवहले हुआ हो, लेकिन मेला शुरू हुआ 13 गुजर चुके हैं। अभी तक यहां लाखों सैलानी भ्रमण कर चुके हैं। लेकिन जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वह अधिकारी शायद ही मेला पहुंचे हो।
झूले: मेले में लगे झूलों की सुरक्षा की जांच हुई है या नहीं? यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। यहां करीब आधा दर्जन बड़े वाले झूलों की पालकी (बॉक्स) में बंद करने का कोई प्रावधान नहीं है। छोटे बच्चे 100 फीट से अधिक ऊंचाई से गिर सकते हैं। अन्य झूलों में बिजली के तारों की वायरिंग असुरक्षित है। अन्य कई सुरक्षा इंतजाम भी नहीं है।
खुले तार: झूलों के नीचे व अन्य कई स्थानों पर बिजली के तार बेतरतीब ढंग से फैले हैं। जिनमें कभी भी करंट दौड़ सकता है। जो बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
मौत का कुआं...मौत के कुआं में कंडम वाहन दौड़ रहे हैं। कुएं के चारों ओर लगे लकड़ी के कई पटे टूटे, चटके व खराब हैं। कलाकार भी कुंए के एकदम किनारे तक पहुंचकर सैलानियों को रोमांचित करते हैं। हादसा हो सकता है।
अंधेरा: मेला परिसर के 80% हिस्से में पर्याप्त रोशनी नहीं है। शाम होते ही कई सेक्टर अंधेरे में होते हैं, केवल दुकानों पर हो रही रोशनी से सेक्टर रोशन होते है।
अग्निशमन यंत्र: झूला सेक्टर, कपड़े की दुकानों व अन्य खानपान दुकानों पर अग्निशमन यंत्र नहीं है। गौरतलब है कि बीते साल भी मेले में आग लगी थी। जिससे 6 दुकानों में आग लगी गई थी। 2020 में भी ऑटोमोबाइल सेक्टर के एक शोरूम में आग लगी थी, जिसमें करीब 20 कार खाक हो गई थीं।
इन अधिकारियों को सौंपे थे दायित्व
पुलिस व्यवस्था: एसएसपी राजेश चंदेल व एएसपी ऋषिकेश मीणा।
स्वास्थ्य सेवाएं: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजौरिया।
पार्किंग व्यवस्था: क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एचके सिंह।
कानून व्यवस्था: अपर जिला दण्डाधिकारी टी एन सिंह।
स्टॉल आवंटन व टेंट व्यवस्था: मेला प्राधिकरण सचिव निरंजन लाल श्रीवास्तव।
स्टॉल, स्टेज, झूलों के इंस्टॉलेशन की जांच: कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण ओमहरि शर्मा व एसडीओ ईएंडएम आरएस वैश्य।
विद्युत व्यवस्था: महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी नितिन मांगलिक।
पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था: निगम अपर आयुक्त विजय राज।
खान-पान स्टॉल व दुकानों की जांच: खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक चौहान, जिला आपूर्ति नियंत्रक भीम सिंह तोमर।
