बालगृह में रह रही बालिकाएं बाल आयोग के सदस्यों को नहीं बता पाईं अपना नाम व पता

भोपाल. शहर के परवलिया थाना क्षेत्र में बिना अनुमति के बालगृह संचालित किया जा रहा था। इसकी जानकारी ना तो महिला बाल विकास विभाग को थी और ना ही यहां बच्चियों के रहने की जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को ही थी। जब दो दिन पहले मप्र बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम इस बालगृह का निरीक्षण करने पहुंची तो वहां की सूची में दर्ज कुल 68 बच्चियों में से मात्र 41 ही रहती पाई गईं। 26 बच्चियों के गायब होने से हडकंप मच गया। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने मुख्य सचिव वीरा राणा को पत्र लिखकर अवैध बालिका गृह और वहां हो रही अनियमितताओं की जानकारी दी। आंचल बालिका छात्रावास से बच्चियों के लापता होने की जानकारी के बाद कलेक्टर, संभागायुक्त ने शनिवार को बालिकागृह का निरीक्षण किया इस दौरान संचालक से छात्रावास की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह कुछ नहीं दिखा सका। अवैध संचालन प्रमाणित हाेते ही वहां मिली 41 बच्चियों को तत्काल पंजीकृत बालगृह में शिफ्ट कराया गया है। प्रशासन को रिकार्ड में 67 बच्चियों के आवेदन मिले जबकि मौके पर मात्र 41 बच्चियां मिली।
पुलिस का कहना है कि जांच में पाया गया है कि 26 बच्चियां अपने स्वजनों के पास घर पर मौजूद हैं। वहीं बाल आयोग ने इन बच्चियों के पते पुलिस से मांगे हैं जिससे इन बच्चियों से बातचीत की जा सके। आयोग का कहना है कि बालगृह में मौजूद बच्चियों में से भी कोई अपना नाम-पता व दस्तावेज नहीं दिखा पाईं। उनका कोई पहचानपत्र भी नहीं मिला। साथ ही यहां दो बच्चे अनाथ भी रह रहे हैं। यहां रह रही बच्चियों की जानकारी सीडब्ल्यूसी को नहीं दी गई।
महिला बाल विकास अधिकारी को नोटिस, तीन को किया निलंबित
कलेक्टर ने निरीक्षण के बाद सीडीपीओ बृजेंद्र प्रताप सिंह, कोमल उपाध्याय एवं सुपरवाइजर मंजूषा राज को लापरवाही पाए जाने के चलते निलंबित कर दिया गया है। महिला बाल विकास अधिकारी सुनील सोलंकी एवं सहायक संचालक रामगोपाल यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बच्चियों को नहीं करने देते थे पूजा
आयोग की सदस्य ने बताया कि डा निवेदिता शर्मा ने एक बालिका अपने साथ लड्डू गोपाल की मूर्ति रखे हुए थी जिसे बालिकागृह के कर्मचारी ने साथ रखने से मना करते हुए की बात कहते हुए बंद करा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *