MP लोकसभा चुनाव में भी चौंकाएगी भाजपा, 29 में से 15 सीटों पर आएंगे नए चेहरे

भोपाल. विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में भी भाजपा विधानसभा चुनाव का फार्मूला अपना सकती है। लोकसभा में भी कुछ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा समय से पहले की जा सकती है। भाजपा 29 सीटों में से 15 सीटों पर नए चेहरे उतारकर सभी को हैरान कर सकती है। वहीं राज्यसभा सांसदों को भी लोकसभा का चुनाव लडाने की चर्चा है। मध्य प्रदेश में हाल ही में भाजपा ने जो फार्मूला अपनाया था उसे लोकसभा चुनाव में भी अपनाने की तैयारी चल रही है, क्योंकि भाजपा ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में 18 सांसदों को विधानसभा में उतारा था जिनमें से चार केंद्रीय मंत्री थे। इनके परिणाम काफी अच्छे आए थे। सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश में फिलहाल 29 में से 28 सीटों पर भाजपा के सांसद थे जबकि छिंदवाडा अकेली ऐसी सीट थी जिस पर कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ चुनाव जीते थे। अब भाजपा छिंदवाडा के साथ ही उन 7 सीटों पर भी फोकस कर रही है जो हाल ही में खाली हुई है। कुल मिलाकर इस बार मध्य प्रदेश की 29 सीटों में से 15 सीटों पर नए नाम चौंका सकते है।
प्रज्ञा ठाकुर की जगह नरोत्तम मिश्रा
सूत्रों के मुताबिक भाजपा लोकसभा चुनाव में भी चौंकाने वाले नाम ला सकती है। दतिया विधानसभा से कम अंतर से चुनाव हारे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी लोकसभा चुनाव में उतारा जा सकता है। यह भी हैरान करने वाली बात हो सकती है कि यदि नरोत्तम को भोपाल संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा जाए। राजनीतिक गलियारों में नरोत्तम को ऐसा ही एक चेहरा माना जा रहा है, जो हिन्दुत्व की छवि वाला है और ब्राह्मण चेहरा भी है। दूसरी तरफ भोपाल की वर्तमान सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर से आलाकमान नाराज है। पिछले चुनाव के दौरान भी अपने बयानों से भाजपा की किरकिरी करवा चुकी प्रज्ञा ठाकुर को इस बार किनारे किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *