अश्विनी वैष्णव, भूपेन्द्र यादव और धर्मेन्द्र प्रधान राज्यसभा से हो रहे रिटायर, कैसे एडजस्ट करेंगे BJP?
नई दिल्ली. पांच राज्यों के चुनाव के बाद देश लोकसभा चुनाव की तरफ बढ़ रहा है और बात अब उन दिग्गजों को लेकर भी होने लगी है। जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लगातार 2 बार राज्यसभा भेज चुकी है। ऐसा घोषित तो नहीं है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी का अघोषित नियम रहा है कि किसी भी नेता को 2 बार से ज्यादा राज्यसभा पहुंचने का मौका न दिया जाये। इसके कुछ अपवाद भी है। लेकिन अब बात इसे लेकर भी हो रही है कि राज्यसभा से रिटायर होने वाले अपने कद्दावर नेताओं को भाजपा किस तरह एडजस्ट करेगी।
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही मोदी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल माह में पूरा हो रहा है। जिन मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो रहा है। उनमें भूपेन्द्र यादव, धर्मेन्द्र प्रधान, मनसुख मांडविया, अश्विनी वैष्णव, हरदीपसिंह पुरी, नारायण राणे, पुरूषोत्म रूपाला जैसे मंत्री शामिल है। राज्यमंत्री राजीव चन्द्रशेखर, वी मुरलीधरन और एल मुरूगन का कार्यकाल भी पूरा होने की तरफ है।
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल तीसरी बार राज्यसभा में हैं। भूपेन्द्र यादव, धर्मेन्द्र प्रधान, पुरूषोत्मम रूपाला, मनसुख मांडविया और जेपी नड्डा 2 बार के राज्यसभा सांसद हैं। राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने के बाद भाजपा क्या इन कद्दावर नेताओं को फिर से राज्यसभा में भेजेगी? पीएम नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल अगस्त माह में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में यह साफ कहा था कि राज्यसभा सांसदों को लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहिये।
