शिवराज सीएम हाउस से बी-8 बंगले में हुए शिफ्ट
भोपाल. 18 वर्षो तक एमपी के सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सीएम हाउस को खाली कर दिया है। वह लिंक रोड स्थित 74बंगला स्थित बी -8 बंगले में शिफ्ट हो गये हैं। यहां पत्नी साधना सिंह ने उन्हें तिलक और आरती उतारकर स्वागत किया।
इससे पहले शिवराज ने परिवार समेत सीएम हाउस स्थित मंदिर में पूजा की। गोशाला में गोमाता के दर्शन किये ।सीएम आवास में तैनात सुरक्षाकर्मी ने उन्हें बिदाई भी दी। पार्टी में उनका आगे क्या काम होगा। इस पर शिवराज ने कहा है कि पार्टी उन्हें जो भी काम सौपेंगी। उसका वह पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
विधायकों-सांसदों को वेतन आज की परिस्थिति के हिसाब से मिले-उमा भारती
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि अगर विधायकों-सांसदों को ईमानदारी की राह पर चलना आसान बनाना है तो चैतन्य कश्यप जैसे पूंजीपति विधायकों को छोड़कर सभी विधायकों की तनख्वाह और दूसरे भत्ते आज की परिस्थितियों को देखकर मिलना चाहिए।
उन्होंने बुधवार सुबह X पर लिखा, ‘हाल ही में मंत्री बने और रतलाम के एक संपन्न जैन व्यवसायी चैतन्य कश्यप ने अपनी संपत्ति 296 करोड़ रुपए घोषित की है। अभी कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश के अखबारों में उनकी तारीफ लिखी थी कि वे विधायक पद का अपना वेतन नहीं लेते हैं, जो साल भर का करीब 12 लाख रुपए होता है।’
उमा ने आगे लिखा, ‘296 करोड़ वाला व्यक्ति अगर सरकार के 12 लाख छोड़ देता है तो इसमें कौन सी बड़ी बात है? चैतन्य कश्यप सरकार को वेतन वापस करने के बजाय यह राशि अभावग्रस्त लड़कियों की शिक्षा पर खर्च करें। हमें यह याद रखना पड़ेगा कि सभी विधायक बड़े व्यवसायी नहीं होते और न वे राजनीति से अपना व्यवसाय बढ़ाते हैं।’
उन्होंने लिखा, ‘एक बार सांसद वरुण गांधी ने कहा था कि सांसदों को तनख्वाह और पेंशन नहीं लेना चाहिए। वरुण गांधी ऐसा कर सकते हैं, क्योंकि वो हजारों-करोड़ों की पैतृक संपत्ति के मालिक हैं। अपना सर्वस्व त्यागकर राजनीति के माध्यम से जनसेवा करने वाले जनप्रतिनिधियों को हर तरह की सहूलियत सरकार से मिलनी चाहिए।’
