सोमवार की दोपहर 3 बजे मंत्रिमण्डल का विस्तार, दिल्ली में मंथन के बाद नाम तय
भोपाल. मध्यप्रदेश के मंत्रिमण्डल का विस्तार सोमवार की दोपहर ़3 बजे शपथग्रहण समारोह होगा। यह डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमण्डल का पहला विस्तार होगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने 2 दिनों तक दिलल्ली में रहकर भाजपा के तमाम नेताओं से मुलाकात की और जिसके बाद शपथ लेने मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार की शाम भोपाल लौटेंगे। ऐसा बताया जा रहा है कि शपथग्रहण राजभवन में आयोजित किया जायेगा, इसको लेकर तैयार शुरू हो गयी है।
7 दिन के अंदर सीएम डॉ. मोहन यादव का तीसरा दिल्ली दौरा
पहला दौरा- सीएम पद की शपथ के बाद पिछले रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव पहली बार दिल्ली पहुंचे थे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर शाह की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें मंत्रिमंडल को लेकर विचार मंथन हुआ था।
दूसरा दौरा- सीएम डॉ. यादव दूसरी बार गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को दिल्ली से भोपाल लौट गए।
तीसरा दौरा- सीएम यादव शनिवार शाम को तीसरी बार दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। रविवार को वे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मिले।
13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव ने ली थी CM पद की शपथ
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।
मंत्रिमंडल के संभावित नाम
मंत्रिमंडल के संभावित नामों में सांसद से विधायक बने नेताओं को मौका मिल सकता है। इनके अलावा प्रमुख रूप से कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न तोमर, गायत्री पवार, संजय पाठक, हेमंत खंडेलवाल, इंदर सिंह परमार, विष्णु खत्री, कृष्णा गौर, निर्मला भूरिया, रीति पाठक, नागर सिंह चौहान, शैलेंद्र जैन और नारायण सिंह कुशवाह सहित कुछ नए चेहरों पर विचार किया गया है।
मंत्रिमंडल का होगा सीमित विस्तार
पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए सीमित विस्तार किया जाएगा। चुनाव के बाद फिर एक बार विस्तार होगा। संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को देखते हुए दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को शपथ के बाद भी विभाग आवंटित नहीं किए गए। विस्तार के बाद नए मंत्रियों के साथ ही सभी को एक साथ विभागों का वितरण किया जाएगा।
