ग्वालियर में रंगदारी न देने पर बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटा, लोगों ने पकड़ा तो गोलियां चलाकर फैलाई दहशत
ग्वालियर. थाटीपुर इलाके में तीन गुंडों ने रंगदारी न देने पर एक युवक को बेरहमी से पीटा। इसके बाद गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। इन लोगों को जब लोगों ने पकड़ने की कोशिश की तो लोगों पर कट्टा तान दिया। लोगों ने इन्हें पकड़कर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेहरा कालोनी स्थित राठौर गली में रहने वाला गोविंद राठौर अपने घर से कुछ ही दूरी पर खड़ा था। मोहल्ले में थाटीपुर इलाके में ही रहने वाला निर्देश जाटव, अंकुश जाटव और आशीष जाटव गुंडागर्दी करते हैं। रात करीब 9 बजे तीनों गुंडे आए। इन लोगों ने गोविंद राठौर से रुपये मांगे। जब उसने रुपये नहीं दिए तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे गली में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए कट्टा निकालकर हवाई फायर करने लगे।
पुलिस ने जब्त किया कट्टा
घटना के दौरान यहां लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने जब इन्हें रोका तो गुंडे लोगों पर ही हमलावर हो गए और कट्टा तान दिया। इसके बाद लोगों ने बदमाशों से कट्टा छीना और मारपीट की। फिर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र नाथ यादव फोर्स के साथ पहुंच गए। यहां पुलिस ने इन्हें पकड़कर कट्टा जब्त कर लिया।
