पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का राजनीतिक पुनर्वास
भोपाल. मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का राजनीतिक पुनर्वास भी जल्द हो सकता है। पार्टी हाईकमान ने चर्चा के लिए उन्हें दिल्ली बुलाया। शिवराज सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। शिवराज इस मुलाकात के लिए मंगलवार दोपहर पहुंचे।
माना जा रहा है कि जेपी नड्डा से भेंट के बाद शिवराज सिंह की नई जिम्मेदारी को लेकर निर्णय हो सकता है। उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है या फिर कुछ महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी संगठन में बडी जिम्मेदारी दी जा सकती है। वह इससे पहले भी पार्टी में राष्ट्रीय सचिव व अन्य दायित्व निभा चुके है। पांच बार सांसद रहने के कारण उन्हें लोकसीाा चुनावों का भी अच्छा अनुभव है।
जानकारी के अनुसार संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव, पदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवडा ने रविवार को दिल्ली में जेपी नड्डा और अमित शाह से मुलाकात की। इसके पहले नरेंद्र तोमर, प्रहलाद पटेल और कैलाष विजयवर्गीय ने दोनों नेताओं से भेंट की थी। यहां शिवराज नहीं थे, तभी से यह माना जा रहा था कि पार्टी हाईकमान उनसे अलग से बात करेगा।
