धार्मिक स्थल के मुख्य द्वार के सामने 100 मीटर की दूरी विक्रय या प्रदर्शन प्रतिबंधित
ग्वालियर – धार्मिक स्थलों अथवा अन्य स्थानों में निर्धारित मापदंड के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउड स्पीकर / डीजे) का उपयोग किया जा सकेगा। राज्य शासन द्वारा ध्वनि प्रदूषण तथा लाउड स्पीकर आदि के वैधानिक उपयोग की जाँच के लिये सभी जिलों में उड़नदस्ते गठित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही नगरीय विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से जारी निर्देशानुसार खुले में बिना अनुमति माँस तथा मछली का विक्रय प्रतिबंध किया गया है।
ग्वालियर जिले में प्रदूषण नियंत्रण एवं खुले में माँस, मछली का विक्रय प्रतिबंधित करने के संबंध में पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल एवं प्रभारी कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु रणनीति तैयार की। इसके लिये जिले में उड़नदस्ते भी गठित किए गए हैं।
कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में धर्मगुरूओं के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें शासन के प्रावधानों से अवगत कराएँ तथा धार्मिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्व अनुमति के साथ ही निर्धारित डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार रात्रि 10 से प्रात: 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित है।
बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों, राजस्व अधिकारियों, नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के संयुक्त दल गठित किए गए हैं। यह दल नियमित रूप से भ्रमण करेंगे और धर्मगुरूओं एवं मैरिज गार्डन संचालकों के साथ ही डीजे संचालकों को भी शासन के नियमों से अवगत कराते हुए बिना अनुमति के और निर्धारित डेसिबल से अधिक का प्रयोग नहीं करें। जिन्हें भी ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अनुमति चाहिए वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी थाना स्तरों पर एक सूची भी संधारित की जाए।
नगरीय निकाय द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में बिना अनुमति माँस तथा मछली का विक्रय प्रतिबंधित किए जाने के संबंध में 15 दिसम्बर से चलने वाले विशेष अभियान के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि शहर में सामान्यत: किसी भी प्रकार के व्यवसाय, दुकान, बाजार या रेहड़ी आदि प्रतिबंधित हैं। किसी भी धार्मिक स्थल के मुख्य द्वार के सामने 100 मीटर की दूरी के भीतर उक्त सामग्री का विक्रय या प्रदर्शन प्रतिबंधित है।
धार्मिक स्थलों के मुख्य द्वार से 100 मीटर की दूरी के भीतर उक्त सामग्री का विक्रय या प्रदर्शन प्रतिबंधित है। सभी धर्मगुरूओं से अपील की गई कि ध्वनि प्रदूषण एवं खुले में माँस व मछली विक्रय नियमों के अनुरूप ही हो, इसके लिये सहयोग प्रदान करें।
