MP में मंत्रियों पर मंथन शुरू, दिल्ली से फाइनल होगी सूची
भोपाल. मुख्यमंत्री मोहन यादव का मंत्रिमंडल कैसा हो और उसमें कौन हो इसको लेकर आज से प्रदेश के संगठन के नेताओं के बीच मंथन शुरू हो गया है। सीएम मोहन यादव आज एसीएस और पीएस स्तर के अधिकारियों की बैठक के बाद राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ मंथन करेंगे। इस चर्चा के बाद प्रदेश के बडे नेताओं और संघ परिवार से विचार-विमर्श किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस पूरी प्रक्रिया में दो से तीन दिन भी लग सकते है। सीएम मोहन यादव के मंत्रिमंडल में हिंदूवादी कट्टर छवि वाले विधायकों को ज्यादा मौके की संभावना जताई जा रही है। जानकारों की मानें तो मंत्रिमंडल का गठन लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखकर भी किया जाएगा साथ ही क्षेत्र और जाति पर भी विशेष जोर दिया जाना है। चर्चा तो यह भी है कि 29 लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मंत्रिमंडल में हो जाए इस पर भी विचार किया जा रहा है।
दिल्ली जाएगी फाइनल सूची, वहीं से मिलेगी हरी झंडी
टीम मोहन यादव को हरी झंडी पार्टी आलाकमान से ही मिलेगी। प्रदेश में मंथन के बाद संभावित मंत्रियों की सूची भाजपा के कंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। यहां से अप्रूव होने के बाद ही मंत्रियों के नामों का खुलासा होगा। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के सामने मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ और राजस्थान के मंत्रिमंडल गठन की जिम्मेदारी भी है।
मंत्रिमंडल में हो सकते हैं चौंकाने वाले नाम
प्रदेश के विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व शुरू से ही सभी को चौंकाने वाले निर्णय लेता आया है। पहले तो चुनाव में सांसदों को कडी चुनौती वाली सीटों पर उतारा। प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भी दिल्ली से ऐसा नाम सामने आया जिसने सभी राजनीतिक पंडितों समेत जनता को भी आश्चर्य में डाल दिया। ऐसा ही बाकी अन्य दो राज्य छत्तीसगढ और राजस्थान में देखने को मिला। इसके बाद अब इस बात के कयास भी लगाए जा रहे है कि गुजरात की तर्ज पर प्रदेश का पूरा मंत्रिमंडल नया हो सकता है। इसमे ंभी कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते है।
सबसे बडी दुविधा वरिष्ठों का क्या किया जाए
मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भाजपा के वे वरिष्ठ विधायक जो पिछले कई सालों से मंत्री पद पर आसीन थे उनको लेकर विचार मंथन किया जा रहा है। ऐसे विधायक जो 6 बार से ज्यादा चुने गए है उनको मंत्रिमंडल में फिर से शामिल किया जाए या नहीं क्योंकि मौजूदा विधायकों में बडी संख्या में ऐसे विधायक है जो मुख्यमंत्री से सीनियर है।
सांसद से विधायक बने नेताओं का कहां करें एडजस्टमेंट
विधानसभा चुनाव में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा था जिसमें से दो सांसदों को छोड बाकी चुनाव जीत कर विधायक बन गए है। इन बडे नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए या न किया जाए इसको लेकर भी उठा पटक की स्थिति है। इस पर निर्णय क्या होता है उसके बाद ही मंत्रिमंडल गठन की रूपरेखा तय होगी।
