MP में ओबीसी नेताओं को आगे करेगी कांग्रेस, अरुण यादव को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
भोपाल. मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा डॉ. मोहन यादव के रूप में अन्य पिछडा वर्ग ओबीसी से नया मुख्यमंत्री देने के बाद कांग्रेस में भी ओबीसी नेताओं को आगे करने की चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल 2 अप्रैल को पार्टी के ओबीसी नेता राजमणि पटेल का राज्य सभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और उनके स्थान पर किसी अन्य ओबीसी नेता को फिर राज्य सभा भेजा जा सकता है। उधर लोकसभा चुनाव के द्रष्टिगत पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव और जीतू पटवारी को बडी जिम्मेदारी मिल सकती है। सीधी से कमलेश्वर पटेल को चुनाव लडाया जा सकता है। ओबीसी नेता के तौर पर पार्टी ने उन्हें आगे बढाया है पर वे सिहावल से विधानसभा चुनाव हार गए है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जाति आधारित गणना के माध्यम से पिछडा वर्ग के मुद्दे को आगे रखा था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने हर मंच से पिछडा वर्ग का मुद्दा उठाया। 62 टिकट ओबीसी वर्ग को दिए गए थे। यह बात अलग है कि इसका चुनाव में कोई लाभ नहीं मिला। अन्य पिछडा वर्ग बहुल सीटों के हिसाब से देखें तो भाजपा ने 72 सीटों में 55 सीटों पर विजय प्राप्त की।
