निलंबित शस्त्र लायसेंस बहाल निर्वाचन समाप्ति के पश्चात
जमा शस्त्र लायसेंस वापस करने के आदेश पारित
ग्वालियर -विधानसभा निर्वाचन-2023 निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये जिला दण्डाधिकारी अक्षय सिंह ने ग्वालियर जिले के समस्त आर्म्स अनुज्ञप्ति निर्वाचन समाप्ति तक निलंबित कर शस्त्र पुलिस लाईन में जमा करने के आदेश पारित किए थे। निर्वाचन समाप्ति के पश्चात आदेश जारी कर लायसेंसधारियों को उनके लायसेंस वापस करने के आदेश पारित किए हैं।
जिला दण्डाधिकारी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी किया है। जिसके तहत ग्वालियर जिले के अंतर्गत एक सरपंच तथा 411 पंच पदों (जनपद पंचायत मुरार में 143, जनपद पंचायत भितरवार में 89, जनपद पंचायत घाटीगाँव में 27 तथा जनपद पंचायत डबरा में 152) के लिये निर्वाचन होना है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के तहत यहाँ पर निर्वाचन होना है वहाँ के शस्त्र लायसेंस निलंबित रहेंगे। जिले के अन्य क्षेत्रों के शस्त्र लायसेंस बहाल करते हुए पुलिस अधीक्षक को कहा गया है कि पुलिस थानों एवं पुलिस लाइन में जमा शस्त्र विधिवत वापस किए जाएँ।
