5 दिन तक पुलिस को दिया चकमा, एक फोटो ने पकड़वा दिया सुखदेव गोगामेड़ी के हत्यारों को
जयपुर. श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली मारने वाले दोनों शूटर्स सहित 3 लोगों को पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा शख्स वह है जिसने दोनों शूटर्स का भागने में साथ दिया। 5 दिन तक दोनों शूटर्स पुलिस को चकमा देते रहे। चार राज्यों में घूमे। लेकिन एक तस्वीर ने उन्हें पकड़वा दिचया। पुलिस के हवाले से 2 तस्वीर सामने आयी है। जिसकी मदद से पुलिस ने हत्यारों को ढूंढ निकाला।
यह फोटो हरियाणा के धारूहेड़ा रेलवे स्टेशन की है। दरअसल, ज बवह लोग धारूहेड़ा रेलवे स्टेशन में थे तो सीसीटीवी में उनकी तस्वीर कैद हो गयी। जानकारी के अनुसार, प्लान को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी डीडवाना भाग गये और वहां से फिर वह धारूहेड़ा पहुंचे। पहला सबूत पुलिस को धारूहेडा से ही बरामद हुआ। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने दिल्ली स्पेशल सेल की मदद ली और दोनों के संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिये मोनू मानेसर समेत भौंडसी जेल में बन्द कुछ कैदियों से पूछताछ की।
उधर, आरोपी सड़क मार्ग से जयपुर से हाते हुए डीडवाना-सुजानागढ़-धारूहेड़ा तक पहुंचे। फिर वह आगे बस से मनाली पहुंचे और वापिस चंड़ीगढ़ के सेक्टर -22 आ गये और पकड़े गये। उनके साथ एक अन्य युवक उधमसिंह भी गिरफ्तार हुआ । यही वह शख्स था जिसने दोनों की भागने में मदद की। आपको बता दें दोनों आरोपियों ने हत्या करने के बाद हथियारों को छिपा दिया था ताकि भागते समय ट्रेन या बस में चेकिंग के समय न पकड़े जा सके।
