मतगणना का गणित: भाजपा के दोगुने एजेंट तैयार,कांग्रेस के भी रिजर्व में
ग्वालियर. भारत निर्वाचन आयोग की ओर से भले ही मतगणना के लिए भाजपा और कांग्रेस के मतगणना एजेंटों को ट्रेनिंग दी जा रही हो लेकिन हकीकत में प्रत्याशियों का भरोसा सबसे अहम होगा। इस बार भी अधिकतर वहीं चेहरे मतगणना में टेबलों पर बैठेंगे जो पहले भी टेबलों पर गणना के दौरान अपनी सतर्कता व लगन का परिचय दे चुके है। यही कारण है ऐसे चेहरों को रिपीट किया जाता है। भाजपा ने इस बार दोगुने से ज्यादा मतगणना एजेंट रिजर्व में रखे हुए है जिससे किसी भी स्थिति में परेशान न हो। उधर कांग्रेस का डाकमत पत्रों पर फोकस सबसे ज्यादा है इसी कारण 14 टेबलों पर एक-एक इंचार्ज भी तैयार किया है जो निगरानी रखेगा। इसके अलावा कांग्रेस ने भी तीन से चार लोग अतिरिक्त गणना के लिए रखे है जिससे जरूरत पडने पर उनका उपयोग किया जा सके। दोनों दलों में एक बात कॉमन है कि भरोसेमंद चेहरे हर बार की तरफ इस बार भी गणना में जिम्मेदारी संभालेंगे।
पहले डाकमत पत्रों की गिनती होगी
यह बता दें कि 17 नवंबर को मतदान होने के बाद अब तीन दिसंबर को मप्र विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना होना है। इस मतगणना को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रशासन के अधिकारियों ने एमएलबी में तैयारी की है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी और पहले डाकमत पत्रों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गिनती बराबर से की जाएगी। इस बार पोस्टल बैलेट के लिए अलग से टेबल लगेंगी जिसमें सबसे ज्यादा टेबल ग्वालियर पूर्व की 6 लगाई जाएंगी और दूसरे नंबर पर ग्वालियर विधानसभा में पांच टेबल लगेंगी। इसको लेकर ग्वालियर प्रशासन की ओर से निर्वाचन आयोग से प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी गई है। पोस्टल बैलेट की अलग टेबल लगने से समय बचेगा इसलिए इस बार यह अनुमति मांगी गई है। वहीं इस बार आयोग का कहना है कि जिन विधानसभाओं में 300 से ज्यादा मतदान केंद्र है वह अपने यहां सुविधा के अनुसार टेबल बढ़ा सकते हैं, इसलिए इस बार ग्वालियर पूर्व और ग्वालियर में 21-21 टेबल लगाई जाएंगी। निर्वाचन आयोग को इसको लेकर प्रस्ताव भी भेजा है जोकि मंजूर होकर आना शेष है।
पार्टियों ने 14 टेबलों पर निगरानी के लिए बनाई प्रभारी
मतगणना के दिन हर पल निगाह बनी रहे और चौकसी में कोई चूक न हो इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने एजेंटों के साथ साथ टेबलों के उपर भी प्रभारी बनाए हैं। 14 टेबल पर एक इंचार्ज होगा जो पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता होगा,वह 14 टेबलों का गणित चेक करेगा और उच्च स्तर पर रिपोर्ट देगा। भाजपा हो या कांग्रेस दोनों दलों का लगभग इसी तरह का पैटर्न रहेगा।
