ककनमठ मंदिर का 11वीं शताब्दी में राजा कीर्तिराज ने कराया था निर्माण

मुरैना. भारत के मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिहोनिया शहर में स्थित एक शिवमंदिर है। इसका निर्माण कच्छपात राजवंश के शासक कीर्तिराज ने कराया था। अब यह खंडरावस्था में है और मूल मंदिर परिसर का केवल एक भाग ही बचा हुआ है। इस स्थान की कुछ मूर्तियां अब ग्वालियर में उपस्थित है।
ग्वालियर से 70 किमी दूर है ककनमठ शिवमंदिर
ग्वालियर से लगभग 70किमी दूर मुरैना में सिहोनिया स्थित ककनमठ मंदिर आज देश-विदेश के पर्यटकों के लिये आकर्षण का केन्द्र है। कभी सिंहपाणि नगर कहा जाने वाला सिहोनिया विश्व पर्यटन के मानचित्र में ककनमठ मंदिर की वजह से जाना जाता है।

ककनमठ का शिवमंदिर- फोटो-संजय बनवारिया
क्या है ककनमठ का शिवमंदिर
ककनमठ मंदिर का निर्माण 11वीं शताब्दी में कछवाहा बंश (कच्छप घात) के राजा कीर्तिराज ने कराया था। उनकी रानी ककनावती भगवान शिव की अनन्य भक्त थी। उन्हीं के कहने पर इस का नाम ककनमठ रखा गया था। ककनमठ मंदिर उत्तर भारतीय शैली में बना है। उत्तर भारतीय शैली को नागर शैली के नाम से भी जाना जाता है। आठवीं से 11वीं शताब्दी के दौरान मंदिरों का निर्माण नागर शैली में ही किया जात रहा है। ककनमठ मंदिर इस शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है। ककनमठ मंदिर के निर्माण में कहीं भी चूने-गारे का इस्तेमाल नहीं किया। पत्थरों को संतुलित रखकर मंदिर बनाया गया और इतने लम्बे समय से यह मंदिर कई प्राकृतिक झंझावातों का सामना करता आ रहा है। मौसम की मार से यहां बने छोटे-छोटे मंदिर नष्ट हो गये।
ककनमठ मंदिर को लेकर एक किंवदंती यह भी है कि इसे भूतों ने एक रात में बनाया था। लेकिन इसे बनाते-बनाते सुबह हो गयी और भूतों को काम अधूरा छोड़कर जाना पड़ा। आज भी इस मंदिर को देखने पर यहीं लगता है कि इसका निर्माण अधूरा रह गया । ककनमठ मंदिर की देखरेख अब भारतीय पुरातत्च सर्वेक्षण (एएसआई) कर रही है। अधिकारियों को भय था कि यदि मंदिर को छेड़ा गया तो यह गिर सकता है, क्योंकि इसके पत्थर एक के ऊपर एक रखे हुए हैं। इस वजह से इसके संरक्षण कार्य से दूरी बना ली है।
