दिमनी से कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र तोमर ने नरेंद्र सिंह तोमर पर फर्जी मतदान के आरोप लगाया
मुरैना. विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के 5 दिन बाद बुधवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र सिंह तोमर भिडोसा ने भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर फर्जी मतदान के आरोप लगाए है। चर्चा में उन्होंने कहा कि कलेक्टर-एसपी से लेकर थाना प्रभारियों ने भाजपा के पक्ष में फर्जी मतदान करवाया। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की तो भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस इन सबके खिलाफ हाईकोर्ट जाएगी। उन पर इन दिनों 5 दिन की देरी से फर्जी मतदान पर बात करने और करोडों रुपये लेकर ऐन वक्त पर केंद्रीय मंत्री के पक्ष में चुनाव से पीछे हटने के आरोप लगाए जा रहे है।
भिडोसा ने उठाया गंगाजल
इस मामले में भिडोसा ने गंगाजल से भरा हुआ लोटा उठाते हुए कहा कि मैं गंगाजल की कसम खाता हूं कि यदि केंद्रीय मंत्री से एक रूपया भी लिया हो मैंने अपनी पूरी क्षमता से चुनाव लडा है यह परिणाम बताएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी भिडोसा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री तोमर ने 262 में से 100 पोलिंग बूथों को अपने कब्जे में लेकर फर्जी मतदान करवाया। भाजपा ने अपराधियों का सहारा लेकर कमजोर व अनुसूचित जाति के मतदाताओं को मतदान से रोका। कटेलापुरा में अनुसूचित जाति के वोटरों को घर से नहीं निकलने दिया गया पूरा प्रशासन दर्शक बनकर देखता रहा।
केंद्रीय मंत्री तोमर को चैलेंज
भिडोसा ने कहा कि दिमनी क्षेत्र के नो मोस्टवांटेड अपराधियों को क्षेत्र से बाहर करने की शिकायत की लेकिन कलेक्टर-एसपी ने इस पर भी ध्यान नहीं दिया, इन अपराधियों ने चुनाव को बुरी तरह प्रभावित किया है। निर्वाचन विभाग से 97 पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था बढाने की मांग की थी पर किसी ने नहीं सुना। यदि केंद्रीय मंत्री तोमर में दम है तो चलें तोमर वंश की कुलदेवी चिल्लासन माता के मंदिर में वहां गंगाजल उठाकर कहें कि रविंद्र सिंह तोमर भिडोसा से कब मिले और कब उन्होंने मुझे खरीदा है, रविंद्र सिंह कोई बिकाऊ नहीं है।
