जम्मू के राजौरी में आतंकी मुठभेड़ में मेजर के शहीद होने की खबर, 3 जवान घायल

जम्मू कश्मीर. राजौरी में आतंकी मुठभेड़ में सेना के मेजर के शहीद होने की खबर है। मुठभेड़ में 3 जवान घायल हुए हैं। राजौरी जिले के कालाकोट के बाजी इलाके में बुधवार सुबह से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबल इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी यहां आतंकियों के होने की खबर मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एरिया में 2 आतंकी छिपे हुए हैं।

श्रीनगर में लश्कर के 2 आतंकी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार को सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। उनसे 2 पिस्तौल, 4 मैगजीन, 2 फिलर मैगजीन और 8 ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकियों को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। मुमताज अहमद लोन और जहांगीर अहमद लोन कुपवाड़ा के त्रेहगाम के रहने वाले हैं।
जम्मू-कश्मीर में पिछली 5 आतंकी वारदातें…पहला: 17 नवंबर को 2 एनकाउंटर, 6 आतंकी मारे गए
17 नवंबर को राजौरी और कुलगाम में दो अलग-अलग एनकाउंटर में 6 आतंकवादी मारे गए थे। पहला एनकाउंटर 16 नवंबर को कुलगाम में शुरू हुआ जो 17 नवंबर तक चला। इसमें 5 आतंकी मारे गए थे। ये सभी हाल ही में हुए टारगेट किलिंग में शामिल थे। दूसरा एनकाउंटर राजौरी में हुआ, जिसमें 1 आतंकी मारा गया था।
