दिमनी से केंद्रीय मंत्री तोमर, ग्वालियर से प्रद्युम्न-सतीश को जिता रहा सट्टा बाजार

मुरैना. क्रिकेट मैच की तरह विधानसभा चुनाव पर भी सट्टा बाजार में खूब दांव लग रहे हैं। बाजार इतने गुप्त तरीके से चल रहा है कि इस तक पहुंच पाना हर किसी के वश में नहीं। सट्टा बाजार चंबल अंचल में मुरैना और श्योपुर की सात सीटों में से चार कांग्रेस को दे रहा है, जबकि भाजपा के खाते में दो सीटों पर दांव लगाया गया है। एक सीट पर भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर है।
तोमर की जीत पर सट्टा बाजार का भाव
सट्टा बाजार में लग रहे दांव में मुरैना के दिमनी सीट से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर के अलावा ग्वालियर में भाजपा के प्रधुम्न सिंह तोमर और कांग्रेस के सतीश सिकरवार की जीत के कयास सर्वाधिक हैं। केंद्रीय मंत्री तोमर की जीत पर सट्टा बाजार 40 का भाव दे रहा है, यानी एक लाख रुपये का सट्टा लगाया तो तोमर की जीत होने पर 40 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे, जबकि उनके प्रमुख प्रतिद्वंदी बसपा से बलबीर दंडोतिया पर सट्टा बाजार दोगुने से ज्यादा का भाव दे रहा है।
सुमावली सीट पर भाजपा के ऐदल सिंह की जीत के कयास हैं, वहीं अंबाह और जौरा सीटों पर तो सट्टा बाजार कांग्रेस की जीत पर एक रुपये का भी भाव नहीं दे रहा, यानी यहां कांग्रेस की बंपर जीत का अनुमान है। मुरैना शहर में कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश गुर्जर पर 70 का भाव है। सबलगढ़ सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच ऐसी टक्कर है कि सट्टा बाजार दोनों ही दलों के उम्मीदवारों की जीत पर 90-90 का भाव दे रहा है, यानी एक लाख का दांव लगाने पर भाजपा-कांग्रेस की जीत पर 90 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
ग्वालियर में कांग्रेस को तीन और भाजपा को एक सीट
सट्टा बाजार के अनुमान के मुताबिक, सबलगढ़ में कांग्रेस और भाजपा में से कोई भी जीत सकता है। ग्वालियर में सतीश, प्रवीण, साहब सिंह और प्रद्युम्न भारी सट्टा बाजार ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट पर कांग्रेस को लगातार तीसरे चुनाव में जीत दे रहा है। यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्तमान विधायक डा. सतीश सिकरवार हैं, जिन पर सट्टा बाजार मात्र 20 का भाव दे रहा है। यही भाव ग्वालियर विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर को मिल रहा है, यानी इनकी जीत की संभावनाएं बेहद प्रबल हैं। ग्वालियर ग्रामीण में कांग्रेस के साहब सिंह गुर्जर पर 70 और ग्वालियर दक्षिण सीट पर प्रवीण पाठक पर 90 का भाव मिल रहा है। सट्टा बाजार ग्वालियर में कांग्रेस को तीन और भाजपा को केवल एक सीट दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *