शहर की हवा को स्वच्छ एवं शुद्ध बनाने में शहरवासी करें सहयोग- निगमायुक्त
ग्वालियर – निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि शहर की हवा को स्वच्छ बनाने में सभी शहरवासी मिलकर सहयोग करें। शहर की हवा को शुद्ध बनाने के लिए जो भी आवश्यक कार्य किए जा सकते हैं उन कार्यों में सभी शहरवासी सहयोग प्रदान करें।
नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने कहा है कि शहर का वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। इस वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार सड़कों पर पानी का छिडकाव किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में आमजनों के घरों तक टिपर वाहन पहुंच रहे हैं जिससे आमजन अपना कचरा इसमें डाल सकें। नगर निगम आयुक्त ने आमजनों से अपील की है कि वह शहर के वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नगर निगम का सहयोग करें। इसके लिए उन्होंने आमजनों से कहा है कि वह कचरा एवं अन्य अपशिष्ट नहीं जलाएं। कचरा सीधे टिपर वाहन में नगर निगम के कर्मचारियों को दें। धुंआ फैलाने वाले वाहनों का उपयोग नहीं करें। अपने वाहनों की नियमित रूप से प्रदूषण की जांच कराएं। साथ ही अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करें जिससे धुंए का उत्सर्जन कम से कम हो सके। भवन निर्माण कार्यों के लिए दौरान ग्रीन नेट का उपयोग करें। साथ ही लगातार पानी का छिडकाव करें, जिससे धूल के कण वातावरण में नहीं जाएं। रिसाइकिल योग्य वस्तुओं का ही उपयोग करें, प्लास्टिक की वस्तुओं का उपयोग न करें। वायु प्रदूषण के बारे में लोगों को जागरूक करें। बिजली की खपत कम करें, क्योंकि बिजली को बनाने में कोयले आदि का उपयोग किया जाता है जिससे वायु प्रदूषण होता है। अधिक से अधिक पेड लगाएं।
