ग्वालियर में मतदान सामग्री वितरण की सभी तैयारियां पूर्ण
ग्वालियर. सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के समस्त 1662 मतदान केन्द्रों में मतदान कराने के लिये तैनात किए गए मतदान दलों को EVM सहित सभी प्रकार की मतदान सामग्री वितरण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मतदान दलों को आज गुरूवार को एमएलबी कॉलेज से मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा।
एमएलबी कॉलेज में ही 17 नवम्बर को मतदान के बाद ईवीएम और मतदान सामग्री प्राप्त कर विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए स्ट्रॉग रूम में कडी सुरक्षा के बीच रखी जाएगी। बुधवार को सामग्री वितरण की फायनल रिहर्सल की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार ने मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार भी उनके साथ थे। 17 नवम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

दो चरणों में हो रहा है मतदान सामग्री का वितरण
मतदान सामग्री वितरण के लिये विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण, 18-भितरवार व 19-डबरा (अजा) के मतदान दलों को सुबह 6 बजे आने को कहा गया है। इस क्षेत्र के मतदान दलों को EVM सहित मतदान सामग्री वितरण करने के बाद सुबह 8 बजे से विशेष वाहनों द्वारा संबंधित मतदान केन्द्रों के लिये रवाना करने का कार्यक्रम बनाया गया है। इसके बाद सुबह 10 बजे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर, 16-ग्वालियर पूर्व व 17-ग्वालियर दक्षिण के मतदान दलों को बुलाया जायेगा। इन्हें मतदान सामग्री वितरित करने के बाद दोपहर 12 बजे से विशेष वाहनों द्वारा मतदान केन्द्रों के लिये रवाना किया जायेगा।
मतदान दलों को मिली वैलकम किट
मतदान दलों की हर सुविधा का ध्यान जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा रखा गया है। सभी मतदान दलों के लिये जिला निर्वाचन कार्यालय ने नगर निगम के सहयोग से वैलकम किट तैयार कराई हैं। वैलकम किट में बिस्किट, नमकीन, चने, मूंगफली, टॉफियां व पानी की बोतल उपलब्ध रहेगी। जिस विशेष वाहन से मतदान दल अपने मतदान केन्द्र के लिये रवाना होंगे। उसी वाहन में सम्मानपूर्वक उन्हें यह किट सौंपी जाएगी।
