दिल्ली की हवा जहरीली, 13 से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन,कंस्ट्रक्शन पर रोक
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के चलते हवा जहरीली हो गई है। सोमवार को दिल्ली का ऐवरेज एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 470 दर्ज किया गया। WHO के मुताबिक 0 से 50 के बीच का AQI सुरक्षित माना गया है। इस लिहाज से दिल्ली की हवा WHO की तय सीमा से 20 गुना ज्यादा प्रदूषित है।
दिल्ली में एयर क्वालिटी क्रिटिकल यानी खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने 13 से 20 नवंबर तक गाड़ियों के लिए ऑड-ईवन सिस्टम लागू करने का ऐलान किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में प्रदूषण को काबू में लाने के लिए मीटिंग हुई थी।
इसमें दीपावली के अगले दिन से एक हफ्ते के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने का फैसला लिया गया। प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार गैर जरूरी कंस्ट्रक्शन, BS-3 कैटेगरी वाले पेट्रोल और BS-4 कैटेगरी वाले डीजल वाहनों पर पहले ही रोक लगा चुकी है। वहीं 5वीं तक के स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का आदेश दिया गया था।
