विधानसभा आम निर्वाचन- आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन कर कराएँ चुनाव
प्रेक्षकगणों की मौजूदगी में हुई चुनाव से जुड़े नोडल अधिकारियों की बैठक
ग्वालियर – विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान सम्पन्न कराने के लिये क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। चुनाव में कितना मानव संसाधन लगेगा, चुनाव से संबंधित विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण, वाहन व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लान, मतदाता जागरूकता अभियान एवं आचार संहिता का पालन व सी-विजिल सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति सहित मतदान की तैयारियों से संबंधित तमाम प्रकार की जानकारी से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय सिंह ने नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रेक्षकगणों को अवगत कराया। इस अवसर पर प्रेक्षकगणों ने भी उपयोगी सुझाव दिए। साथ ही कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन कर चुनाव सम्पन्न कराएँ।
कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में ग्वालियर पूर्व व ग्वालियर दक्षिण के प्रेक्षक रवि कुमार अरोरा, भितरवार के प्रेक्षक के. विवेकानंद, ग्वालियर ग्रामीण व ग्वालियर के प्रेक्षक अनिल कुमार सिंह, डबरा (अजा) के प्रेक्षक आनंद शर्मा, पुलिस प्रेक्षक डॉ. कोया प्रवीण और व्यय प्रेक्षक राजेन्द्र जयपाल मौजूद थे।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के लिये की गईं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, शस्त्र जमा करने की स्थिति, अवैध मदिरा व अन्य अवैध मादक पदार्थ और संदिग्ध धनराशि की जब्ती के बारे में जानकारी दी। साथ ही चुनाव से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में व्यय निगरानी दल में शामिल उड़नदस्ता, स्टेटिक सर्विलिएन्स टीम, वीडियो सर्विलिएन्स टीम व वीडियो व्यूविंग टीम तथा व्यय लेखा दलों की गतिविधियों की जानकारी भी बैठक में दी। उन्होंने बताया कि चुनावी व्यय पर निगरानी रखने के लिये विधानसभा क्षेत्रवार अलग-अलग दल तैनात किए गए हैं। आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्याशियों का चुनावी खर्चे पर निगरानी रख रहे हैं।
