दीक्षांत परेड -देशभक्ति के जज्‍बे के साथ निकली दीक्षांत परेड ने किया रोमांचित

भोपाल, स्‍वाभिमान से ऊँचा मस्‍तक, अनुशासित कदम, अदम्य साहस से भरा सीना और देशभक्ति के जज्‍बे के साथ जब आर्कषक दीक्षांत परेड आगे बढ़ी तो सभी रोमांचित हो गए। मौका था पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय इंदौर के परेड मैदान में मध्‍यप्रदेश पुलिस के 76 वें नव आरक्षकों के भव्‍य दीक्षांत समारोह का। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्‍सेना ने बतौर मुख्‍य अतिथि दीक्षांत परेड की सलामी ली और खुली जिप्‍सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। दीक्षांत परेड समारोह के बाद 1247 आरक्षक विधिवत रूप से मध्‍यप्रदेश पुलिस की मुख्‍य धारा में शामिल हो गए। जिनमें 1119 महिला नव आरक्षक एवं 128 पुरूष आरक्षक शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्‍सेना ने सभी नव आरक्षकों को मध्‍यप्रदेश पुलिस परिवार में शामिल होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। उन्‍होंने कहा कि पुलिस सेवा साहस और समर्पण की सेवा है। समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कानून के शासन की स्‍थापना को सुदृढ़ता प्रदान करते हुए सभी नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। महिलाओं और बच्‍चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी पीडि़तों से सहानुभूति एवं संवेदनशीलता के साथ मानवीय व्‍यवहार करना है।
सोमवार की हल्‍की सर्दी के साथ निकली तेज चमकदार धूप और एसएसबी ब्रास व पाइप बैंड की मधुर धुन के बीच निकली दीक्षांत परेड में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं का जज्‍बा और जुनून देखते ही बन रहा था। दीक्षांत परेड का नेतृत्‍व नवआरक्षक सुश्री वैशाली परते ने किया। परेड टू आई सी की भूमिका आरक्षक ज्‍योति गर्ग ने निभाई।
समारोह में इनकी भी रही मौजूदगी
अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्रीमती अनुराधा शंकर, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक आरएपीटीसी वरूण कपूर, पुलिस आयुक्त इन्दौर मकरंद देउस्कर, पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन इन्दौर) राकेश गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक (बीएसएफ) बीएस रावत, कलेक्‍टर इलैया राजा टी. सहित अन्‍य वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी दीक्षांत समारोह के साक्षी बने।
इन्‍हें मिले पुरस्‍कार
मुख्‍य अतिथि ने सत्र का सर्वश्रेष्‍ठ प्रशिक्षाणार्थी का पुरस्‍कार आरक्षक दीक्षा तिवारी को प्रदान किया। इसके अलावा आंतरिक एवं बाह्य के सर्वोत्तम प्रशिक्षक का पुरूस्कार उपनिरीक्षक महेन्द्र पाण्डेय एवं सहायक उपनिरीक्षक चंदन धूमकेती को भी सम्‍मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *