ग्वालियर में आतिशबाजी की दुकानों में घपला, पहले थी 205 दुकानें अब 368 शपथ पत्र आए
ग्वालियर. व्यापार मेला में हर साल लगने वाली आतिशबाजी दुकानों को लेकर इस बार घपलेबाजी सामने आई है। हर साल मेला में जितनी संख्या में दुकानें लगती है उससे कहीं ज्यादा संख्या में अस्थाई लाइसेंसधारकों ने नवीनीकरण के लिए शपथ पत्र दे दिए है जिसमें लिखकर दिया है कि उन्होंने पिछली साल भी दुकानें लगाई थी। इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से होने के बाद सोमवार 30 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में लाइसेंस नवीनीकरण के लिए होने वाली लाटरी को होल्ड कर दिया गया है। एसडीएम मुरार की ओर से इसकी जांच के लिए मेला प्राधिकरण की रसीद, फायर बिग्रेड की रसीद व नगर निगम से रिकॉर्ड मंगवाया गया है जिससे स्थिति साफ हो सके। पिछले साल 2022 में 205 दुकानें लगाई गई थी और इससे पहले 268 दुकानें लगीं थी। वहीं रविवार को आतिशबाजी फुटकर संघ ने मेला मैदान में दुकानें लगाने के लिए भूमिपूजन किया।
मेला प्राधिकरण से आई जानकारी
मेला प्राधिकरण की ओर से मेला सचिव ने मुरार एसडीएम को जानकारी भेजी है जिसमें वर्ष 2021 में 268 कुल आवेदन, 2022 में कुल आवेदन 205 बताया गया है। वहीं मेला कार्यालय द्वारा काटी गई रसीद के आंकडों में 2021 में 268 रसीद औ 2022 में 205 रसीद काटना बताया गया है।
