प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का एहसास कराएँ – कलेक्टर

ग्वालियर -स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करें और क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का एहसास कराएँ। व्यवहार में नम्र रहें पर कर्तव्य निर्वहन में पूरी दृढ़ता रहे। इस आशय के निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने सेक्टर अधिकारियों एवं उनके साथ संलग्न पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। शनिवार को यहाँ बाल भवन में दो सत्रों में जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सेक्टर अधिकारी व पुलिस अधिकारी, एफएसटी व एसएसटी की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।
कलेक्टर ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी ईवीएम से मतदन करने की प्रक्रिया का भलीभाँति प्रशिक्षण लेकर मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका भी निभाएँ। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस का पहला घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि किसी मतदान केन्द्र पर ईवीएम से मतदान में कोई तकनीकी दिक्कत आए तो प्रशिक्षण ले चुके सेक्टर मजिस्ट्रेट उसे आसानी से दूर कर सकेंगे। उन्होंने बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट व एसएसटी, एफएसटी की समस्यायें सुनीं और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल ने कहा कि एफएसटी व एसएसटी पूरी मुस्तैदी के साथ काम करें। कोई भी संदिग्ध वाहन बिना जाँच के आगे नहीं बढ़ने दें। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस को सभी क्रिटिकल व बल्नरेवल मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। साथ ही अन्य मतदान केन्द्रों पर भी पुलिस बल मौजूद रहेगा। कम्युनिकेशन प्लान के तहत सभी मतदान केन्द्रों से सतत संपर्क रहेगा और जरूरत होने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया कराया जायेगा।
लगभग सभी मतदान केन्द्र रहेंगे कैमरों की निगरानी में
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थायें की जा रही हैं। इस कड़ी में कुल 1662 मतदान केन्द्रों में से लगभग 1500 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में विभिन्न टीमों के साथ वीडियो कैमरा उपलब्ध रहेंगे। कुल मिलाकर साढ़े चार हजार से अधिक कैमरों की निगरानी में जिले के सभी वोटर रहेंगे।
सभी शासकीय सेवक अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि वे टीम लीडर की भूमिका निभाकर अपने दल के सभी सदस्यों को मताधिकार का अवसर दिलाएँ। उन्होंने कहा कि इच्छुक शासकीय सेवकों को पोस्टल बैलेट के जरिए मताधिकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। पोस्टल बैलेट के लिए निर्धारित फॉर्म अवश्य भरवाएँ। पोस्टर बैलेट से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये कलेक्ट्रेट सहित सभी आरओ के कार्यालय में फैसिलिटेशन सेंटर बनाए जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *