ग्वालियर में 45 लाख का गांजा पकडा, 4 गिरफ्तार
ग्वालियर. आचार संहिता लागू है इस दौरान क्राइम ब्रांच और महाराजपुरा थाना पुलिस को अवैध मादक पदार्थ पकडने में बडी कामयाबी मिली। उडीला से ट्रक में 450 किलो गांजा लेकर निकले चार तस्करों को बरैठा टोल महाराजपुरा से पहले पकड लिया। ट्रक से करीब 4 किलोमीटर आगे गांजा तस्करों की स्कॉर्पियों भी चल रही थी। जिसमें गिरोह आगे चलते ट्रक चालक को अलर्ट करते जा रहे थे। पकडे गए गांजा की कीमत 45 लाख आंकी जा रही है। इसमें खास बात यह है कि उडीसा से कई बार गांजा लेकर आए तस्कर यहां पकडे जा चुके है लेकिन इस बार सरगना पुलिस के हाथ लगा है। लूट के मामले में उस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है। फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि महाराजपुरा होते हुए गांजे की बडे स्तर पर तस्करी हो रही है। सूचना पर टीआई क्राइम अमर सिंह सिकरवार और महाराजपुरा थाना प्रभारी को सूचना की तस्दीक के साथ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके बाद से ही पुलिस और क्राइम की दो टीमें लगी हुई थी और शनिवार को जैसे ही गांजा लेकर तस्कर पुलिस के बिछाए जाल में फंस गए। हालांकि गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए आगे अलर्ट करते हुए चलने के लिए एक स्कॉर्पियों दौडाई थी। पुलिस ने पहले गांजा पकडा फिर स्कॉर्पियों को पकडा। ट्रक से 450 किलो गांजा के साथ चार गांजा तस्कर भी पकडे गए।
